रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

बाइक सवार दंपत्ति से लूट का हुआ प्रयास, महिला गिरकर हुई घायल

लोधा। गाजियाबाद-अलीगढ़ हाईवे पर गांव जतनपुर चिकावटी के पास बाइक सवार दंपत्ति से दो बाइक सवार बदमाशों ने लूट का प्रयास किया। जिसमें बाइक सवार महिला गिरकर घायल हो गई। घायल महिला को थाना गभाना क्षेत्र के भांकरी स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार गांधीपार्क के गढ़िया निवासी धीरेंद्र सिंह गुरुवार शाम को बाइक से पत्नी विमलेश देवी के साथ गभाना के गांव कौरह रूस्तमपुर जा रहे थे। जैसे ही वह गाजियाबाद-अलीगढ़ हाईवे पर जतनपुर चिकावटी के पास पहुंचे। तभी पीछे से पल्सर बाइक सवार आए दो बदमाशों ने महिला के गले में चैन को खीचने का प्रयास किया, लेकिन चैन की जगह महिला की साड़ी बदमाशों के हाथों में आ गई। साड़ी खिचने के चलते विमलेश देवी बाइक से सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। वहीं बाइक सवार बदमाश मौके से फरार हो गए। लूट की सूचना पर लोधा के अलावा गभाना थाना की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने बाइक सवार बदमाशों को काफी तलाश किया, लेकिन उनका कोई सुराग नही लग सका। पुलिस ने घायल महिला को भांकरी स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।

हाईवे पर आए दिन लूट की घटना को अंजाम देते हैं बाइक सवार

हाईवे पर खेरेश्वर चौराहे से लेकर गभाना क्षेत्र में इलाका पुलिस के अलावा पीआरवी की गाड़ियां लगातार पेट्रोलिंग करती हैं, बाबजूद बाइक सवार बदमाशों के इतने हौंसले बुलंद है कि वह आए दिन हाईवे पर बाइक सवार लोगों को लूट का शिकार बना रहे हैं। पिछले दिनों गभाना क्षेत्र में चूहरपुर बाईपास पर भी बाइक सवार बदमाश एक महिला से चैन व मंगलसूत्र लूट कर ले गए थे। तब भी पीड़िता से काले रंग की पल्सर पर दो बदमाशों ने लूट की घटना को अंजाम दिया था। हाईवे पर आए दिन बदमाश लूट की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं, लेकिन अभी तक वह पुलिस की पकड़ से दूर हैं।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!