इगलास में धरना प्रदर्शन करके भाकियू ने सौंपा ज्ञापन
इगलास। भारतीय किसान यूनियन द्वारा किसानों, मजदूरों और व्यापारियों की समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर तहसील परिसर में धरना प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के उपरांत यूनियन पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी के नाम संबोधित ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा।
यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी हरपाल सिंह ने कहा कि विद्युत विभाग के निजीकरण का यूनियन विरोध करती है। इसी मुद्दे को लेकर आगामी दो जुलाई को गौंडा ब्लाक मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। ज्ञापन में मांग की गई कि किसानों के नलकूपों की मुफ्त बिजली की घोषणा के बावजूद अब बिजली बिल वसूली की जा रही है, जिसे तत्काल रोका जाए। साथ ही बाजरा, मक्का, मूंगफली, उड़द और मूंग जैसी फसलों की समर्थन मूल्य से कम कीमत पर बिक्री को प्रतिबंधित किया जाए। गरीबों को दी जाने वाली वृद्धावस्था पेंशन की राशि बढ़ाकर तीन हजार रुपये प्रति माह की जाए। धरने की अध्यक्षता गिर्राज स्वामी व संचालन संतवीर सिंह ने किया। इस अवसर पर सुंदर सिंह, चरन सिंह, हरीश कुमार, पन्नालाल, हम्बीर सिंह, महावीर सिंह, रामकुमार, लोकेंद्रपाल सिंह, हरेंद्र सिंह आदि थे।