बारिश के चलते सामान्य जन-जीवन अस्त व्यस्त
इगलास। रविवार को देर सांय से सोमवार को सुबह तक हुई बारिश के चलते सामान्य जन-जीवन अस्त व्यस्त हो गया, कस्बा के गली-मुहल्लों में जलभराव की स्थिति रही वहीं पूरी रात्रि बिजली की सप्लाई ठप्प रही है जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सब्जी मंडी के मैदान में जलभराव होने से लोगों को परेशानी हुई। धान की रोपाई के लिए वर्षा होना सुखद है वहीं लोकी, तोरई, बैंगन, काशीफल व भिंड़ी की फसल पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है जिससे सब्जियों के रेट भी बढ़ जाएंगे। गोंड़ा रोड स्थित बाल्मीकि मुहल्ला में बारिश का पानी घरों में घुस गया जिससे लोगों को परेशानी हुई है। वहीं कस्बा के मुहल्ला शंकरानंदपुरी में वर्षा के एक घंटे बाद तक जल भराव की स्थिति रही। कस्बा के मुख्य चौराहे से लेकर अलीगढ़ रोड व मथुरा रोड पर वर्षा के दौरान जल भराव रहा जिससे सड़क पर कीचड़ हो गई पैदल राहगीरों को वाहनों के गुजरने के दौरान कपड़े खराब होने की समस्या रही। लोक निर्माण विभाग की अनदेखी के चलते सड़कों पर जलभराव के पीछे पटरियों को ऊंचा कर दिया परिणामस्वरुप पानी नाली तक नहीं पहुंच पाता है।