बस से टकराया बाइक सवार युवक, मौत
अतरौली। नगर में अबंतीबाई चौराहे के पास सड़क पर खड़ी बस से बाइक सवार टकरा गया। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार नगर के मोहल्ला नगाइचपाड़ा निवासी अनिल कौशिक का 21 वर्षीय बेटा नवीन कौशिक शुक्रवार को बाइक से घर जा रहा था। तभी अलीगढ़ प्राइवेट बस स्टैंड के पास सड़क पर खड़ी बस से उसकी बाइक टकरा गई। हादसे में नवीन की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ मौके पर एकत्रित हो गई। सूचना पाकर परिजन व थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौँप दिया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है।
पेड़ से बाइक टकराई, युवक की मौत
अतरौली। नगर के मोहल्ल ऊंचान के एक युवक की बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में युवक की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के अनुसार नगर के मोहल्ला ऊंचान निवासी 25 वर्षीय अरूण सैनी पुत्र गुड्डू सैनी गुरुवार देर रात्रि में साली शीतल व चार वर्षीय बेटी गौरी के साथ बाइक से हरदोई के शाहाबाद स्थित अपनी ससुराल से घर आ रहा था। जैसे ही उसकी बाइक बुलंदशहर के रामघाट क्षेत्र में पहुंची तभी किसी वाहन को बचाने के प्रयास में उसकी बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार तीनों घायल हो गए। सूचना पर पहुंची रामघाट पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से उपचार को बुलंदशहर जिला अस्पताल भेजा, लेकिन रास्ते में ही अरूण की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।