बाइक सवार युवक की टेंपो से टकराकर हुई मौत
लोधा। थाना के सामने अलीगढ़-पलवल मार्ग पर बाइक सवार युवक लोडर टेंपो से टकरा गया। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार लोधा क्षेत्र के गांव जतनपुर-चिकावटी निवासी बुद्धसैन का 22 वर्षीय बेटा गोलू गुरुवार शाम को बाइक ठीक कराकर घर लौट रहा था। जैसे ही वह अलीगढ़-पलवल मार्ग पर थाना के सामने पहुंचा तभी उसकी बाइक सामने से आ रहे लोडर टेंपो से टकरा गया। हादसे में गोलू गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।