भाजपा के दीपक शर्मा ने जिला उपाध्यक्ष पद से दिया इस्तीफा
खैर। नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पद को भाजपा की ओर से घोषित किए गए प्रत्याशी के विरोध में कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों में विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस क्रम में भाजपा के जिला उपाध्यक्ष दीपक शर्मा अन्नू आजाद ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने शुक्रवार को अलीगढ़-पलवल मार्ग स्थित होटल गणेश गार्डन में आयोजित प्रेसवार्ता में कहा कि पार्टी नेतृत्व ने कार्यकर्ताओं व जन भावनाओं के विपरीत अध्यक्ष पद के लिए ऐसा प्रत्याशी बनाया है, जिसका परिणाम नकारात्मक ही आएगा। उन्होंने दर्जर्नों कार्यकर्ताओं के साथ पार्टी के कार्य करने असमर्थ होने व पार्टी के दायित्व और जिम्मेदारियों से मुक्त कराने की मांग करते हुए जिलाध्यक्ष ऋषिपाल सिंह को संबोधित एक पत्र लिखा है। उन्होंने कहा कि उनकी पत्नी ज्योति शर्मा पालिकाध्यक्ष पद के लिए निर्दलीय उम्मीदवार है, जिन्हें वह वह और उनके समर्थक दमदारी से चुनाव लड़ाएंगे। कस्बा की स्थित वेहद ही दयनीय होती जा रही है। आए दिन लूट व चोरी की घटनाएं हो रही है। गुरुकुल पब्लिक स्कूल के चैयरमैन मनोज राठी को जान से मारने की धमकी दी गई है। व्यपारियों में भय व्याप्त है। उन्हें भी जान को खतरा है। शाम के समय कस्बा में बाहरी व्यक्तियों का जमावाड़ा रहता है, लेकिन इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने स्थानीय पुलिस-प्रशासन से अपराधी किस्म के लोगों को चिन्हित कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। प्रेस वार्ता में मनोज राठी, संजय ठाकुर, ठाकुरदास, शकुन गौतम, हर्षवर्धन गौतम, आकाश शर्मा, आशु वर्मा आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन 

