सीमेंट फैक्ट्री में स्थानीय युवाओं को नहीं दी जा रही नौकरी, भाकियू भानू गुट ने जताई नाराजगी
- एक सप्ताह में मांग पूरी न होने पर फैक्ट्री में तालाबंदी कर उग्र प्रदर्शन करने की दी चेतावनी
गभाना। सोमना स्थित वंडर सीमेंट फैक्ट्री में किसानों की जमीन लेने के बाद भी स्थानीय युवाओं को नौकरी देने की वजाय टरकाया जा रहा है। मामले को लेकर भाकियू भानू गुट के पदाधिकारियों ने रोष व्यक्त करते हुए एसडीएम को ज्ञापन सौंपा हैं। उन्होंने एक सप्ताह में समस्याओं का समाधान न होने पर फैक्ट्री में तालाबंदी करते हुए अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है।
भारतीय किसान यूनियन भानू गुट के युवा जिलाध्यक्ष कृष्णा ठाकुर के नेतृत्व में शुक्रवार को दर्जनों किसान व पदाधिकारी एकत्रित होकर तहसील मुख्यालय पर पहुंचे। जहां पर उन्होंने एसडीएम हीरालाल सैनी को सौंपे ज्ञापन में बताया कि सोमना स्थित वंडर सीमेंट फैक्ट्री के प्रदूषण से किसानों की फसल बर्बादहो रही है। वहीं फैक्ट्री से फैलने वाले प्रदूषण से लोगों को बिभिन्न बीमारियों को फैलने का खतरा पनप रहा है।
फैक्ट्री प्रबंधन ने किसानों से क्षेत्र के लोगों को रोजगार दिलाने का आश्वासन देकर जमीन को खरीदा था, लेकिन फैक्टरी शुरू होने के बाद स्थानीय लोगों को फैक्टरी में नौकरी नहीं दी जा रही है, जबकि गैर जनपदों व अन्य प्रदेशों के लोगों को नौकरी पर रख रहा है। जो कि नियम विरूद्ध है। फैक्ट्री का निर्माण होने के दौरान लोगों काे आशा थी कि उन्हें अब अपने क्षेत्र में ही आसानी ही रोजगार मुहैया हो सकेगा, लेकिन फैक्ट्री प्रबंधन के तानाशाही रवैये के चलते क्षेत्र के युवाओं को रोजगार पाने के लिए अन्य जनपदों व प्रदेश में जाने को विवश होना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि यदि एक सप्ताह के अंदर सीमेंट फैक्ट्री प्रबंधन ने किसानों की मांगों को पूरा न किया और क्षेत्रीय युवाओं को नियमानुसार को नौकरी नहीं दी गई तो भाकियू भानू गुट फैक्ट्री में तालाबंदी करते हुए अनिश्चितकाल के लिए धरना प्रदर्शन करेगा।
इस दौरान सुधीर ठाकुर, जिला अध्यक्ष चिकित्सा प्रकोष्ठ डाॅ. दिग्विजय सिंह, गोविल सिंह जादौन, अरुण सिंह एडवोकेट, शैलेंद्र सिंह एडवोकेट, डाॅ. बलजीत चौधरी, राजकुमार सिंह, शेखर ठाकुर, विक्की ठाकुर, अमित ठाकुर, नितेश कुमार जादौन, योगेंद्रपाल सिंह सभासद, रोहित सिंह, जुगेंद्र सिंह, सत्य प्रकाश छौंकर, मुनेश कुमार, कुलदीप सिंह आदि मौजूद रहे।