टोल प्लाजा पर भाकियू ने जमकर हंगामा करते हुए किया धरना प्रदर्शन
– टोल कर्मियों पर अभद्रता व मारपीट करने का लगाया आरोप
– टोल मैनेजर समेत दस अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
गभाना। भाकियू टिकैत गुट ने गाड़ियां फ्री न निकलने व टोलकर्मियों पर अभद्रता का आरोप लगाते हुए जमकर हंमागा करते हुए पांच घंटे तक धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान बुलंदशहर के जिलाध्यक्ष ने टोल मैनेजर समेत दस अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट व जानलेवा हमले का आरोप लगाते हुए थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। भाकियू नेताओं ने टोल से महिला कर्मियों को नौ मई तक न हटाने पर 11 मई को महापंचायत करने का ऐलान किया है।
जिलाध्यक्ष के चोट लगने पर चढ़ा पारा
मंगलवार को पूर्व में निर्धारित प्रदर्शन को लेकर भाकियू टिकैत गुट के बुलंदशहर जिलाध्यक्ष अरब सिंह के नेतृत्व में दर्जनों पदाधिकारी व कार्यकर्ता दोपहर में करीब एक बजे टोल प्लाजा पर पहुंचे। इस दौरान वह टोल को फ्री कराने के लिए बूमों को हटाने लगे। जिस पर बूथों में मौजूद महिलाकर्मी व अन्य टोलकर्मियों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। जिस पर दोनों तरफ से जमकर नौंक-झौंक व खींचातानी होने लगी। जिसमें टोल का एक बूम भी टूट कर क्षतिग्रस्त हो गया। बीच-बचाव में जिलाध्यक्ष के चोट लग गई। जिस पर किसान नेताओं का पारा चढ़ गया। वह जमकर नारेबाजी करते हुए एक लाइन में फर्स डालकर धरने पर बैठ गए। सूचना पाकर अलीगढ़, जनपद के अलावा हापुड़ समेत अन्य जनपदों से भी तमाम किसान नेता मौके पर पहुंच गए।
एसडीएम खैर व सीओ ने समझा-बुझाकर किया शांत
किसानों के हंमामा व धरना प्रदर्शन की सूचना पर थाना पुलिस के अलावा एसडीएम खैर दिग्विजय सिंह, सीओ गभाना शुभेंदु सिंह, तहसीलदार गभाना अजीत सिंह मौके पर पहुंच गए। इस दौरान उन्होंने गुस्साएं किसान नेताओं को समझाने का प्रयास किया। किसान नेताओं ने आरोप लगाया कि टोलकर्मी आए दिन मनमानी करते हुए किसान नेताओं व अन्य वाहन चालकों से अभद्रता व मारपीट करते हैं। जब कोई विरोध करे तो महिला कर्मियों को आगे करके धमकाया जाता है। उन्होंने दोषी टोलकर्मियों पर कार्रवाई करने व महिला कर्मियों को दो दिन के अंदर टोल से हटाने की मांग की। उन्होंने अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि दो दिन में महिला कर्मियों को टोल से न हटाया गया तो 11 मई को महापंचायत होगी। जिस पर एसडीएम व सीओ ने दोषियों के विरूद्ध कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इस दौरान उन्होंने तहसीलदार अजीत सिंह को अपनी मांगों को लेकर एक ज्ञापन दिया।
मैनेजर समेत दस अज्ञात पर जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज
भाकियू टिकैत गुट के बुलंदशहर जिलाध्यक्ष चौ. अरब सिंह ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि मंगलवार दोपहर एक बजे वह कार्यकर्ताओं के साथ टोल मैनेजर दिनेश से शांतिपूर्ण वार्ता करने के लिए आए थे। आरोप है कि टोल मैनेजर ने पूर्व में ही 5-10 गुंडे बुला रखे थे। जिन्होंने उन पर जानलेवा हमला करते हुए घायल कर दिया और जान से मारने की नीयत से गला दबाने का प्रयास किया।
एफआईआर की काॅपी लेने के बाद किया धरना समाप्त
अधिकारियों के आश्वासन देने व तहरीर देने के बाद भी किसान धरने से नहीं उठे। उन्होंने कहा कि जब तक टोल मैनेजर के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद उसकी कॉपी उन्हें नहीं मिलेगी, तब तक वह धरना स्थल से नहीं हटेंगे। शाम को करीब छह बजे उन्हें एफआईआर की कॉपी मिली तब कहीं जाकर वह धरना समाप्त कर लौट गए।
ये रहे किसान नेता रहे मौजूद
इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष विमल तौमर, जिलाध्यक्ष हापुड पवन खेडा, तहसील अध्यक्ष वीरकरण सिंह फौजी, बब्बन चौधरी, विजय सिंह, जावेद चौहान, जाकिर चौहान, कुमर साहिब, सब्बू चौधरी, सुरेंद्र मलिक, कुमरपाल प्रधान, मुस्तकीम पठान आदि समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।