रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

गभाना में महाराणा प्रताप की 486 वीं जयंती पर सजेगा रक्तदान महाकुंभ

गभाना। मातृभूमि के स्वाभिमान और अदम्य साहस के पर्याय वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की 486वीं जयंती के गौरवमयी अवसर पर कल गभाना क्षेत्र में सेवा का एक बड़ा अध्याय लिखा जाएगा। भारतीय किसान यूनियन (भानू गुट) के बैनर तले आयोजित यह स्वैच्छिक रक्तदान शिविर सेवा और राष्ट्रभक्ति की नई इबारत लिखेगा। कस्बे के जीटी रोड स्थित फूडवैल होटल एंड रेस्टोरेंट में आयोजित होने वाला यह शिविर शनिवार प्रात:काल से ही सेवा के लिए तत्पर युवाओं का केंद्र बनेगा।

प्रशासनिक अमले और दिग्गजों की रहेगी उपस्थिति

भाकियू भानू के युवा जिलाध्यक्ष व कार्यक्रम संयोजन कृष्णा ठाकुर ने कार्यक्रम की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि इस पुनीत कार्य का शुभारंभ कमिश्नर संगीता सिंह द्वारा किया जाएगा। शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में जिलाधिकारी अविनाश कुमार और भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर भानू प्रताप सिंह मौजूद रहकर रक्तवीरों का उत्साहवर्धन करेंगे। इनके साथ ही जनपद के कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य हस्तियां भी इस सेवा उत्सव में शिरकत करेंगी।

तैयारियों को दिया गया अंतिम रूप

शिविर की सफलता सुनिश्चित करने के लिए शुक्रवार को संगठन के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण बैठक की, जिसमें रूपरेखा को अंतिम रूप दिया गया। जिला संरक्षक भगत सिंह चौहान ने आह्वान किया कि महाराणा प्रताप ने देश के स्वाभिमान के लिए अपना रक्त बहाया था, आज के युवाओं को उन्हीं की प्रेरणा से दूसरों का जीवन बचाने के लिए रक्तदान करना चाहिए।

इनकी रही प्रमुख भूमिका

रक्तदान शिविर के प्रबंधन और प्रचार-प्रसार में संगठन की पूरी टीम मुस्तैद है। बैठक में जिला प्रभारी वीरपाल सिंह, शिवम जादौन, राजकुमार सिंह, सुरेंद्र चौधरी, शिवा ठाकुर, भूरा सिंह, मोहित राज समेत अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!