रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

बुलंदशहर से अपहृत 7 वर्षीय बच्चे का शव चंडौस क्षेत्र के टीकरी से हुआ बरामद

– आरोपियों की निशानदेही पर अरनियां व चंडौस थाना पुलिस ने शव को किया बरामद

– आरोपी ने 15 लाख रुपये की मांगी थी फिरौती, किसान का इकलौता बेटा था चिराग

चंडौस। बुलंदशहर के थाना अरनियां के गांव जहानपुर से चार दिन पूर्व अपहरण हुए 7 वर्षीय हुए बच्चे का शव चंडौस थाना क्षेत्र के टीकरी पुल के निकट एक बाजरा के खेत में पड़ा मिला। बच्चे का शव मिलने की सूचना पर क्षेत्र में सनसनी फैल गई। बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ मौके पर एकत्रित हो गई। अरनियां व चंडौस थाना पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घटना के बाद मृतक बच्चे के परिजनों का रो-राेकर हाल बेहाल हो गया है। मृतक किसान का इकलौता बेटा था।

नौकर ही कर ले गए बेटे का अपहरण

बुलंदशहर के थाना अरनियां के गांव जहानपुर निवासी किसान राजेश चौहान ने बीती 15 जून को अरनियां थाने में अपने नौकर के खिलाफ रिपोर्ट करते हुए बताया था कि उसके यहां पर काम करने वाले नौकर आलोक जाटव निवासी पाली मुकीमपुर घर से उसके 7 वर्षीय बेटे अनिल उर्फ चिराग, बाइक, मोबाइल फोन, दराती व फावड़ा लेकर खेतों पर जाने की कहकर चला गया। लेकिन देर शाम तक वह बेटे को लेकर न तो घर पहुंचा और न ही खेतों पर पहुंचा। जिस पर परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने दोनों को काफी तलाश किया, लेकिन कहीं पता नहीं चल सका।

15 लाख रुपये की मांगी फिरौती

परिजनों के अनुसार आरोपी आलोक जाटव ने किसान के घर ले जाए गए मोबाइल फोन से बच्चे के परिजनों फोन कर 15 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई । जिस पर परिजनों के होश उड़ गए। परिजनों ने सारा मामला पुलिस को बताया। पुलिस ने मोबाइल फोन की लोकेशन को ट्रेस कर आरोपी आलोक जाटव व उसकी पत्नी रजनी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बच्चे की हत्या कर चंडौस थाना क्षेत्र में टीकर पुल के पास बाजरा के खेत में शव फेंक देने की बात स्वीकार की।

बाजरा के खेत से शव को किया बरामद

आरोपियों की निशानदेही पर अरनियां व चंडौस थाना पुलिस ने सोमवार को टीकरी पुल के निकट बाजारा के खेत से शव को बरामद कर लिया। बच्चे का शव मिलने की जानकारी पर क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर फॉरेंसिंक टीम भी मौके पर पहुंच गई। चंडौस पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।

चार बहनों के बीच इकलौता भाई था चिराग

मृतक चिराग चार बहनों के बीच इकलौता भाई था। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। सीओ गभाना सुमन कनौजिया ने बताया कि बुलंदशहर के थाना अरनियां में 15 जून को अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया गया था। पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर बच्चे के शव को चंडौस क्षेत्र से बरामद किया गया है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!