Cyclone Biparjoy :गभाना के आर्मी कैप्टन दुष्यंत बने भगवान, बाढ़ में डूब रहे नौ लोगों की बचा ली जान
– बिपरजॉय के चलते आए चक्रवाती तूफान एवं बाढ़ के चलते राजस्थान में हालात बेहद खराब
– सैंकड़ों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा चुकी है सेना की टीम
न्यूज़ डेस्क रॉयल स्टार। जिंदगी की कीमत तब पता चलती है जब मौत से उसका सामना होता है। हम यह इसलिए कह रहे हैं कि क्योंकि ऐसा ही कुछ रविवार को राजस्थान के जालौर जिले में सांदेराव ब्रिज के पास घटित हुआ। यहां आयी बाढ़ में चार ट्रकों में सवार नौ लोग बुरी तरह से फंसे हुए थे। इनमें एक बारह साल का बालक भी शामिल था। सभी लोग मदद के लिए गुहार लगा रहे थे, लेकिन बचने का कोई रास्ता नजर नहीं आ रहा था । जिंदगी से जीतने की जंग के बीच वे ब्रिज से फिसलकर ऐसी जगह जा गिरे जहां उनके सामने साक्षात मौत का भयावह मंजर दिखाई दे रहा था। ऐसे मे आर्मी कैप्टन दुष्यंत सिंह साक्षात भगवान के देवदूत के रूप में अपनी टीम के साथ वहां पहुंच गए। उन्होंने करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद चलाए गए रेस्क्यू ऑपरेशन में सभी नौ लोगों का जीवन बचा लिया और उन्हें सुरक्षित स्थान पर भी पहुंचा दिया। दुष्यंत के नेतृत्व वाली 45 सदस्यीय टीम अब तक 150 लोगों को बाढ़ की विभीषका से बचाने का काम भी कर चुकी है। अभी रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है। चक्रवाती तूफान के चलते राजस्थान में आयी बाढ़ के बाद लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भाग रहे हैं । हालात बेहद खराब होने पर सेना, सिविल डिफेंस एवं एसडीआरएफ की टीम की भी मदद ली जा रही है। जो रेस्क्यू ऑपरेशन के जरिए लोगों को बाहर निकालकर उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने का कार्य कर रही हैं।
कैप्टन ने दिखाया अदम्य साहस
राजस्थान में बिपरजॉय के चलते आए चक्रवाती तूफान एवं बाढ़ के चलते हालात बेहद खराब हैं। ऐसी विषम परिस्थितयों में जिला अलीगढ़ के कस्बा एवं तहसील गभाना के निवासी आर्मी कैप्टन दुष्यंत सिंह पूरी हिम्मत के साथ बाढ़ में फंसे लोगों को बचाने एवं उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के कार्य में जुटे हुए हैं। रविवार को उन्होंने अपनी इसी जाबांजी एवं हिम्मत का बेहतरीन नजारा पेश किया। उन्होंने बाढ़ में फंसे हुए ट्रक में सवार नौ लोगों की न केवल जान बचायी बल्कि उन्हें सुरक्षित स्थान पर भी पहुंचा दिया। दुष्यंत के इस कार्य की हर ओर सराहना हो रही है और लोग उन्हें बधाई दे रहे हैं । इससे जिला अलीगढ़ एवं कस्बा गभाना का नाम भी रोशन हो रहा है। यही नहीं आर्मी कैप्टन दुष्यंत सिंह न केवल देश सेवा कर रहे हैं बल्कि गभाना क्षेत्र के आस-पास इलाके में रहने वाली गरीब कन्याओं का कन्यादान लेने का कार्य कन्या सुमंगलम फाउंडेशन के जरिए भी कर रहे हैं। अब तक फाउंडेशन पिछले छह महीने में ही15 गरीब कन्याओं का कन्यादान लेकर धूमधाम से विवाह करा चुका हैं। दुष्यंत की इस पहल को सब कोई सराह रहा है।
पांच घंटे चला रेस्क्यू, बालक समेत नौ लोगों की बचायी जान
राजस्थान के जालौर में फ्लूड रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी आर्मी की इन्हीें टीमों में एक टीम ब्राबो कैप्टन दुष्यंत सिंह के नेतृत्व में काम कर रही है। इस टीम में करीब 45 जवान शामिल हैं। रविवार को टीम रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हुई थी। तभी जालौर के ही सांदेराव ब्रिज के पास चार ट्रकों में सवार नौ लोग ब्रिज के ओवर फ्लो हो जाने से बीच में ही फंस गए। इसमे एक 12 साल का बालक भी शामिल था। बाढ़ में फंसे लोगों को अपना जीवन खतरे में लग रहा था और उन्होंने खुद के बचने की अास तक छोड़ दी थी। इसी बीच ब्राबो टीम के कमांडर आर्मी कैप्टन दुष्यंत सिंह को इन लोगों के बाढ़ में फंस जाने एवं डूबने की जानकारी मिली तो उन्होंने बिना वक्त गंवाए अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचकर सभी लोगों को बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। करीब पांच घंटे तक चले ऑपरेशन के बाद बालक समेत सभी नौ लोगों को सकुशल बचा लिया गया और उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया है।
लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया
कैप्टन दुष्यंत सिंह के अनुसार टीम ब्राबो एवं अल्फा अब तक 150 से अधिक लोगों को बचाकर उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा चुकी है। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन बेहद कठिन था, लेेकिन उन्हें खुशी है कि न केवल बाढ़ में फंसे सभी लोगों को सकुशल बचा लिया गया बल्कि उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया है। उन्होंने बताया कि बचाए गए सभी लोग जालौर जिले के ही रहने वाले थे और बाढ़ के चलते मची अफरा-तफरी को देखकर अपने गांव वापस जा रहे थे। तभी बाढ़ में बुरी तरह से फंस गए। उन्होंने बताया कि अभी बाढ़ में फंसे लोगों को बचाने के लिए सेना का फ्लूड रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
