विद्युत पोल में उतरे करंट की चपेट में आकर भैंस की मौत
गभाना। क्षेत्र के मोरहना में शनिवार शाम को विद्युत पोल उतरे करंट की चपेट में आकर किसान की कीमती भैंस की मौत हो गई। किसान पशुओं को घेर से घर लेकर जा रहे थे। मामले में ग्रामीणों में विद्युत विभाग के खिलाफ रोष व्याप्त है।
गांव के लक्ष्मन सिंह पुत्र श्यामलाल मेहनत मजदूरी करते हैं साथ ही पशुपालक भी हैं। शनिवार शाम को लक्ष्मन सिंह बच्चों के साथ पशुओं को घेर से घर लेकर जा रहे थे। तभी रास्ते में खड़े विद्युत पोल में उतरे करंट की चपेट में उनका बेटा व भैंस आ गई। करंट लगते ही बेटा तो मौके से भाग छूटा, जबकि उनकी कीमती भैंस की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों का आरोप है कि विद्युत विभाग की लापरवाही के चलते भैंस की मौत हुई है। ग्रामीणों में विद्युत विभाग के खिलाफ रोष व्याप्त है। मामले में पीड़ित किसान ने उच्चाधिकारियों से मदद को गुहार लगाई है।