डिफेंस कॉरीडर पर ठेकेदारी के विवाद में चली गोलियां, एक युवक गंभीर घायल
खैर। क्षेत्र के गांव अंडला स्थित डिफेंस कॉरीडर पर ठेकेदारी के विवाद में एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दी। जिसमें एक युवक के सात गोलियां लगी है। जिसे गंभीर हालत में उपचार काे अलीगढ़ के जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। वहीं घटना की जानकारी पर पुलिस के आलाधिकारियों ने पहुंच कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की ओर दर्ज कराई रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
आरोपियों ने देर रात घेरकर चलाई गोलियां
खैर के मिलिक लोहागढ़ निवासी सचिन कुमार ने बताया कि वह और लोधा थाना क्षेत्र के कीरतपुर निमाना निवासी पीयूष की आपस में साझेदारी है और वह मजूदरी पर जेसीबी चलवाते हैं। सोमवार की देर रात वह अंडला के जंगल में जेसीबी के कार्य के सिलसिले में मौजूद थे। इसी दौरान वहां पर नरेंद्र उर्फ नगिन, उसका भाई नितिन और उसके मित्र साहिल और मुकुल अपने अन्य साथियों के साथ वहां पर आ गए।
उन्होंने वहां आकर गाली गलौज देते हुए भाग जाने व जेसीबी न चलाने की धमकी देने लगे। विरोध करने पर बाद आरोपियों ने ताबड़तोड़ गोली चलानी शुरू कर दी। जिसमें पीयूष के शरीर में कई गोलियां लगी हैं।
पीड़ित ने बताया कि सभी आरोपी अपराधी किस्म के हैं और उन्हें जान से मारने की नीयत से वहां आए थे। उन्होंने कई राउंड फायरिंग की और जब उन्होंने अपनी जान बचाने के लिए वहां से भागने की कोशिश की तो उन्होंने दौड़ाकर गोलियां चलाई। लेकिन जैसे तैसे पीड़ित ने अपनी जान बचाई, लेकिन उसका साथी घायल हो गया।
जानकारी पर सीओ खैर राजीव द्विवेदी, सीओ गभाना सुमन कनौजिया, इंस्पेक्टर सुबोध कुमार, इंस्पेक्टर लोधा ब्रह्मप्रकाश, एसओजी टीम ने घटना स्थल का मौका मुआयना किया। पुलिस को मौके से एक जिंदा कारतूस व छ: खाली खोखा बरामद किए हैं।
सीओ राजीव द्विवेदी ने बताया कि दो पक्षों में ठेकेदारी को लेकर विवाद हुआ था। जिसमें एक पक्ष ने गोलियां चलानी शुरू कर दी। इसमें दूसरे पक्ष का एक व्यक्ति घायल हुआ है, जिसे इलाज के लिए मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है। पीडित सचिन की तहरीर पर चार नामजद लोगों खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज की गई है। हमलावरों की तलाश में पुलिस जुटी है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।