रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

प्रचार के अंतिम दिन प्रत्याशियों ने दिखाया दमखम

गभाना। नगरीय निकाय चुनाव के दूसरे चरण में 11 मई को होने वाले चुनाव को लेकर मंगलवार शाम को छह बजे चुनाव प्रचार थम गया।

गभाना नगर पंचायत में अध्यक्ष व सभासद पद को मैदान में खड़े तमाम प्रत्याशियों ने अपना दमखम दिखाने में कोई कसर बाकी नही छोड़ी। नगर पंचायत अध्यक्ष पद के निर्दलीय प्रत्याशी राजा कुंवर अभिमन्युराज सिंह ने हजारों समर्थकों के साथ गभाना, लाखा बाजार, सोमना, पनिहावर, श्यामपुर, मोरहना, कन्होई आदि में रोड शो करते हुए लोगों से अपने चुनाव चिन्ह हथौड़ा पर वोट देने की अपील की।

वहीं भाजपा प्रत्याशी पुष्पलता सिंह ने नगर पंचायतों के विभिन्न वार्डों में घर-घर जाकर लोगों से गुरुवार को होने वाले मतदान में कमल के फूल पर वोट डालने की अपील की। युवा भाजपा नेता अजय कुमार सिंह व विजय कुमार सिंह बाइक रैली निकाल कर व नुक्कड़ सभा कर अपनी माता व भाजपा प्रत्याशी पुष्पलता सिंह के समर्थन में वोट मांगे। सांसद सतीश गौतम, जिला उपाध्यक्ष गौरव शर्मा, जिला महामंत्री शिवनारायण शर्मा आदि ने भी नुक्कड़ सभाओं के जरिए भाजपा प्रत्याशी को लोगों से वोट करने की अपील की।

बसपा प्रत्याशी रवेंद्रपाल सिंह, आप प्रत्याशी अनिल शर्मा, रालोद प्रत्याशी सुरेंद्र सिंह, निर्दलीय प्रत्याशी दलवीर सिंह ने भी सैकड़ों समर्थकों के साथ रैली निकाल कर वोट मांगे। वहीं सभासद के प्रत्याशियों ने अपने चुनाव प्रसार में कोई कसर नहीं छोड़ी। उन्होंने भी रैली निकालकर डोर टू डोर जाकर मतदाताओं से अपने चुनाव चिन्ह पर वोट डालने की अपील की। वहीं एसडीएम केबी सिंह ने बताया कि शाम को छह बजे के बाद चुनाव प्रचार पूरी तरह से थम गया है। सभी लोग आचार संहिता का पूर्ण रूप से पालन करें, उल्लंघन करने पर संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि बुधवार को अलीगढ़ की धनीपुर मंडी से पोलिंग पार्टी रवाना होंगी। जबकि 11 मई को मतदान व 13 मई को गभाना की अनाज मंडी में गभाना, चंडौस, पिसावा व बरौली नगर पंचायत की मतगणना की जाएगी।

विज्ञापन 

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!