ट्रेन की चपेट में आकर चिरूकुला के युवक की हुई मौत
गभाना। दिल्ली-कानपुर रेलवे लाइन पर चिरूकुला के पास घूमने गए युवक की ट्रेन की चपेट में आकर मौत हो गई। काफी देर तक युवक के घर न पहुंचने पर परिजन जब उसकी तलाश करते हुए रेलवे लाइन पर पहुंचे तो वहां शव पड़ा देख उनके होश उड़ गए। पुलिस ने गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है।
मिली जानकारी के अनुसार रूस्तमपुर ढ़ोला ( चिरूकुला) निवासी देवेंद्र कुमार शर्मा का दूसरा नंबर का बेटा प्रदीप कुमार पॉलीटेक्निक का छात्र था। बुधवार की शाम को वह गांव के पास से गुजर रही रेलवे लाइन पर घूमने के लिए गया था। तभी किसी ट्रेन की चपेट में आकर उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जब प्रदीप काफी देर तक घर नहीं पहुंचा तो परिजनों को चिंता हुई। वह भी उसकी तलाश करते हुए रेलवे लाइन पर पहुंचे। जहां पर प्रदीप का शव पड़ा देख उनके होश उड़ गए। हादसे की जानकारी पर इलाका पुलिस व जीआरपी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर गुरुवार को पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। हादसे के बार मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। मृतक चार भाई-बहनों में दूसरे नंबर का था।
जुआ खेलते हुए पुलिस ने तीन लोगों को पकड़ा
गभाना। थाना पुलिस ने ओगर नगला राजू में जुआ खेल रहे तीन युवकों को पकड़ लिया। उनके कब्जे से ताश के पत्ते व नगदी बरामद हुई है।
इंस्पेक्टर राम कुंवर सिंह ने बताया कि पैराई चौकी प्रभारी महावीर सिंह मय फोर्स के क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर गश्त कर रहे थे। तभी गांव ओगर नगला राजू में मुर्गा फार्म हाउस के पास जुआ खेलते हुए तीन लोगाें को पकड़ लिया। पूछताछ में तीनों ने अपने नाम जयप्रकाश, रवी व राजेंद्र निवासीगण ओगर बताया। तलाशी में उसके कब्जे से ताश की गड्डी व 7230 रुपये बरामद हुए हैं।
युवक काे उधारी के रुपये मांगना पड़ा भारी, नामजदों ने मां-बेटा को मारपीट कर किया घायल
गभाना। क्षेत्र के गांव परतापुर में एक युवक को उधारी के रुपये मांगना इतना भारी पड़ गया कि नामजद आरोपियों ने घर में घुसकर युवक व उसकी मां को मारपीट कर घायल कर दिया। ग्रामीणों ने जैसे-तैसे करके मां-बेटा को आरोपियों के चंगुल से बचाया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
परतापुर गांव निवासी विनीत चौधरी ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि गांव के वीरपाल के भांजा अनुज पर उसके 10 हजार रुपये हैं। बीती 24 जुलाई को उसने अनुज से अपने उधारी के रुपये मांगे, जिस पर उसने गाली-गलौज करते हुए रुपये देने से मना कर दिया। आरोप है कि रात्रि में अनुज साथी सहदेव, गब्बर, अंकुल निवासीगण दरवेशपुर थाना शिकारपुर (बुलंदशहर) अपने अन्य 5-6 लोगों के साथ लाठी डंडे लेकर घर में घुस आया और उसके तथा मां लक्ष्मी के साथ मारपीट करते हुए घायल कर दिया। शोर शराबा सुनकर आस-पास के लोग व ग्राम प्रधान ने मौके पर पहुंचकर उन्हें बचाया। जिस पर नामजद जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। इंस्पेक्टर राम कुंवर सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है, मामले में जांच की जा रही है।