गभाना तहसील में हुआ संपूर्ण समाधान दिवस कार्यक्रम आयोजित, अधिकारियों ने सुनी समस्याएं
गभाना। तहसील सभागार में शनिवार को एसडीएम केबी सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में बिजली, पानी, सड़क, अवैध कब्जे, चकरोड, पेंशन, राशन से जुड़ी कुल 18 शिकायतें आईं, जिसमें से मौके पर केवल दो शिकायतों का ही निस्तारण किया जा सका। जबकि शेष बचे प्रार्थना पत्रों को संबंधित विभाग के अधिकारियों को जल्द ही निस्तारण के निर्देश के साथ सौंप दिया गया। एसडीएम ने कहा कि जनता से जुड़ी समस्याओं को अधिकारी व कर्मचारी गंभीरता से लेते हुए उनका समय से निस्तारण कराएं, साथ ही शिकायतकर्ता से वार्ता कर उसे संतुष्ट जरूर करें, ताकि वह बार बार शिकायतें न करें। इस मौके पर तहसीलदार अवनीश कुमार, नायाब तहसीलदार अजेंद्र तौमर, बीडीओ चंडौस राहुल वर्मा, इंस्पेक्टर गभाना राम कुंवर सिंह आदि मौजूद रहे।