कांस्टेबल की पत्नी ने फंदे पर झूलकर की आत्महत्या, मायका पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप
अलीगढ़। क्वार्सी क्षेत्र के न्यू आंबेडकर नगर में कासगंज में तैनात कांस्टेबल की पत्नी ने फंदे पर झूलकर आत्महत्या कर ली। मायका पक्ष के लोगों ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है, वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार के आगरा के बरहन निवासी जितेंद्र यूपी पुलिस में कांस्टेबल है। उसकी वर्तमान में तैनाती कासगंज में पुलिस लाइन में हैं, जबकि परिजन क्वार्सी क्षेत्र के न्यू आंबेडकर नगर में रहते हैं। सोमवार की सुबह जितेंद्र के दोनों बच्चे स्कूल चले गए।
तभी किसी बात को लेकर उसकी 34 वर्षीय पत्नी पिंकी ने कमरे में फंदे पर झूलकर आत्महत्या कर ली। काफी देर तक पिंकी के कमरे से बाहर न निकलने पर परिजनों को शक हुआ। उन्होंने कमरे में झांककर पिंकी को फंदे पर लटका देखा तो चीख निकल पड़ी।
शोर शराबा सुनकर आस-पड़ौस के लोग मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना पाकर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को फंदे से नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। पुलिस घरेलू कलह के चलते आत्महत्या मान रही हैं।
वहीं पिंकी के मायका पक्ष के लोगों ने हत्या का आरोप लगाया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतका दो बच्चों की मां थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।