मोबाइल में आज अचानक होगा वाइब्रेशन, आएगी अजीब तरह की आवाज
डीएम ने जारी की है गाइडलाइन, घबराएं नहीं, दूर संचार विभाग और NDMA करेंगे परीक्षण
अलीगढ़। आपके मोबाइल पर आज (मंगलवार) को अचानक वाइब्रेशन होने लगेगा। मोबाइल में अजीब तरह की अवाज भी आएगी, जो कुछ देर तक जारी रहेगी। लेकिन आपको इससे घबराना नहीं है। क्योंकि यह सिर्फ एक परीक्षण है, जो दूर संचार विभाग और आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) के जरिए किया जाएगा। यह परीक्षण इसलिए किया जा रहा है, जिससे भविष्य में होने वाली आपातकाल की स्थिति में उपभोक्ताओं को एलर्ट किया जा सके। 10 अक्टूबर (आज) अखिल भारतीय स्तर पर यह परीक्षण किया जा रहा है, जो कि सिर्फ परीक्षण के तौर पर ही होगा। इसका किसी भी आपदा से कोई संबंध नहीं होगा। सफल ट्रायल होने के बाद भविष्य में आपातकालीन स्थिति होने पर इसका इस्तेमाल किया जा सकेगा।
डीएम बोले घबराने की नहीं है कोई बात, यह सिर्फ है ट्रायल
डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने जिले के निवासियों से अपील करते हुए बताया है कि यह सिर्फ परीक्षण का है। वास्तविक आपातकालीन स्थिति से इसका कोई लेना देना नहीं है। अचानक मोबाइल कंपन्न करने लगे तो घबराएं नहीं और बिल्कुल परेशान न हो। दूर संचार विभाग और आपदा प्रबंधन प्राधिकरण का यह ट्रायल कुछ देर तक ही चलेगा, जो थोड़ी देर के बाद बंद हो जाएगा। यह सिर्फ एक एलर्ट मैसेज है, जो आपको यह बताएगा कि वास्तविकता से इसका कोई मतलब नहीं है और न ही यह उसका संकेत है।
मोबाइल पर मिलेगा अलर्ट मैसेज
सहायक निदेशक सूचना संदीप कुमार ने बताया कि अखिल भारतीय स्तर पर आपदा प्रबंधन की तैयारी की जा रही है। इसी के क्रम में यह परीक्षण किया जा रहा है। परीक्षण के दौरान कंपन्न और अजीबो गरीब आवाज के साथ ही मोबाइल में मैसेज भी प्राप्त होंगे। यह मैसेज दूर संचार विभाग और आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से भेजे जाएंगे। यह केवल अलर्ट मैसेज होगा, जिसका परीक्षण किया जा रहा है।