रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

कंटेनर ने बाइक सवार को मारी टक्कर, मौत

लोधा। हाईवे पर खेरेश्वर चौराहे के पास कंटेनर ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार हाथरस के थाना सासनी के गांव जसराना निवासी 36 वर्षीय गोपाल पुत्र हरवीर हरियाणा के गुरूग्राम में चाय का खोखा चलाते थे। रविवार की सुबह वह बाईक से गुरूग्राम से गांव जा रहे थे। तभी हाईवे पर खेरेश्वर चौराहा के पास खुर्जा की तरफ से आ रहे कंटनेर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि गोपाल गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना के बाद बड़ी संख्या में राहगीर मौके पर एकत्रित हो गए, सूचना पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी चालक को कंटेनर समेत पकड़ लिया। हादसे की जानकारी पाकर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों के अनुसार मृतक गोपाल के बेटी हुई थी। जिसके नामकरण संस्कार में शामिल होने के लिए जा रहे थे। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक तीन बच्चों के पिता थे।

कूलर में उतरा करंट, किसान की मौत

लोधा। क्षेत्र के गांव डिगसी में कूलर ठीक करने के दौरान उतरे करंट से किसान की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

मिली जानकारी के अनुसार डिगसी निवासी धर्मेद्र कुमार पुत्र कालीचरन किसान थे। दोपहर में वह घर पर रखे कूलर को ठीक कर रहे थे। तभी अचानक से कूलर में उतरे करंट की चपेट में धर्मेंद्र आ गए। कुछ समय बाद जब उनकी पत्नी अनीता मौके पर पहुंची तो धर्मेंद्र को बेहोशी का हालत में दखकर उनकी चीख निकल पड़ी। चीख-पुकार सुनकर आस-पड़ौस के लोग एकत्रित हो गए। जब तक ग्रामीण उन्हें उपचार को ले जाते उससे पूर्व ही उनकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है। मृतक तीन बच्चों के पिता थे।

विज्ञापन 

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!