करंट की चपेट में आकर संविदाकर्मी की मौत
अतरौली। क्षेत्र के गांव खेड़िया बहादुरगढ़ी में विद्युत लाइन को ठीक करने के दौरान करंट की चपेट में आकर संविदाकर्मी बुरी तरह से झुलस गया। परिजन उसे मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां पर उसे मृत घोषित कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार क्षेत्र के गांव भोजपुर निवासी 42 वर्षीय मुनेश चंद्र विद्युत विभाग में संविदाकर्मी थे। मंगलवार दोपहर में वह खेड़िया बहादुरगढ़ी में शटडाउन लेकर पोल पर चढ़कर लाइन को ठीक कर रहे थे। तभी अचानक से उन्हें करंट आने से उन्हें जोरदार झटका लगा। जिससे वह पोल से नीचे जमीन पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी पाकर परिजन मौके पर पहुंच गए और उन्हें आनन-फानन में उपचार को अलीगढ़ के जेएन मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। जहां पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक पांच बच्चों के पिता थे। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।