संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की मौत, पति की हालत गंभीर
गभाना। क्षेत्र के गांव ग्वालरा में महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जबकि पति का एक निजी अस्पताल में गंभीर हालत में उपचार जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार गांव के दीपक सिंह खेतीबाड़ी करते हैं। दीपक के अनुसार रविवार शाम को उन्होंने पत्नी मोना के साथ बाजार से लाई चाऊमीन को खाया था। रात्रि में दोनों को उल्टी- दस्त की शिकायत होने लगी। दोनों की हालत ज्यादा खराब होने पर सोमवार की सुबह परिजनों ने उन्हें अलीगढ़ के एक निजी अस्पताल भर्ती करा दिया। जहां पर मोना की हालत गंभीर होने पर डाॅक्टरों ने जेएन मेडिकल काॅलेज के लिए रेफर कर दिया। देर रात्रि में 22 वर्षीय मोना ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। जबकि दीपक का उपचार निजी अस्पताल में जारी है। घटना के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतका एक बेटे की मां थी। इंस्पेक्टर राम कुंवर सिंह ने बताया कि मामले में अभी कोई शिकायती प्रार्थना पत्र नहीं मिला है। अस्पताल से आए मीमो के अाधार पर पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट अाने के बाद ही मौत का सही कारण पता चल सकेगा।