कर्मचारी से तमंचा के बल पर 67 हजार रुपये लूटकर बदमाश हुए फरार
इगलास। थाना क्षेत्र में गांव पहाड़ीपुर के समीप एक कंपनी के कर्मचारी से तमंचा के बल पर चार बदमाश 67 हजार रुपये व बैग लेकर फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की तलाश में जुट गई है।
आगरा के थाना जगनेर के गांव सरैधी निवासी निशांत कुमार पुत्र अमर सिंह ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह सैटिल कंपनी की इगलास ब्रांच में कार्यरत है। गुरुवार दोपहर में वह कंपनी का कैश कलेक्शन करने के लिए गया था। वह गांव हरिया की नगरिया से गांव गांव पहाड़ीपुर की तरफ जा रहे थे। तभी रास्ते में उसे तीन-चार बदमाश मिल गए।
बदमाशों ने उसे तमंचा दिखाते हुए रोक लिया और उसके हाथ से बैग छीनकर भाग गए। पीड़ित के अनुसार बैग में 67 हजार रुपये, एक टैब, मोबाइल फोन व जरूरी दस्तावेज रखे हुए थे। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने बदमाशों को काफी तलाश किया, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चल सका है। इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है। जल्द ही घटना सफल अनावरण किया जाएगा।