रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

फिल्मी स्टाइल में बदमाशों ने कार सवार व्यापारी से लूटे 3.26 लाख रुपये

- ओगीपुर-जहराना मार्ग पर बदमाशों ने दिया घटना को अंजाम

चंडौस। थाना क्षेत्र में जहराना-ओगीपुर मार्ग पर बदमाश फिल्मी स्टाइल में कार सवार व्यापारी से 3.26 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बाइक व लूटे गए लैपटॉप को बरामद कर लिया है। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है। जिनसे पूछताछ की जा रही है।

नगला झम्मन निवासी शैलेंद्र सिंह के अनुसार वह मिल्क पाउडर व वेजिटेबल ऑयल का व्यापार करते हैं। गुरुवार को वह तगादे का पेमेंट लेने के लिए जट्टारी गए थे। जहां से वह कार से अपनी ससुराल ताजपुर गए और साले से पेमेंट लेकर अलीगढ़ जा रहे थे। रात्रि में जैसे ही वह जहराना- ओगीपुर मार्ग पर पहुंचे तभी बीच सड़क पर उन्हें एक बाइक पड़ी दिखी।

वह बाइक को साइड में करने के लिए जैसे ही कार से उतरे इसी बीच फिल्मी स्टाइल में बदमाशों ने उनके ऊपर तमंचा तानते हुए कार में रखे रुपये के थैला के अलावा लैपटॉप, मोबाइल फोन लूट लिए और बाइक लेकर मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने बाइक सवार बदमाशों का पीछा किया, लेकिन वह चकमा देकर भाग गए। पीड़ित ने ग्रामीणों की मदद से लूट की सूचना थाना पुलिस को दी।

सूचना पर पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित से घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई। पीड़ित के अनुसार थैला में 3,26,400 रुपये रखे थे। इंस्पेक्टर सीताराम सरोज ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

शुक्रवार को पुलिस ने घटना स्थल से कुछ दूरी से लूटा गया लैपटॉप, तमंचा बरामद किया, वहीं पीड़ित द्वारा बताए गए नंबर के आधार पर बाइक को बरामद कर लिया गया है। दो संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!