बिजली के तारों से दो किसानों की 11 बीघा गेहूं की खड़ी फसल जली
गभाना। थाना गभाना क्षेत्र के दो स्थानों पर सोमवार को बिजली के तारों से निकली चिंगारी से किसानों के खेतों में खड़ी गेहूं की 11 बीघा फसल जलकर राख हो गई।

भरतरी में गांव के ग्रीस शर्मा के खेतों को भांकरी निवासी राजेश कुमार व जितेंद्र ने पट्टे पर लेकर गेहूं की फसल बो रखी थी। सोमवार शाम को खेतों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से निकली चिंगारी से खेत में आग लग गई। जानकारी पर ग्रामीण मौके पर जुट गए और अपने स्तर से आग को बुझाने का भरकस प्रयास करने लगे। देखते ही देखते अाग ने उग्र रूप धारण कर लिया। जिस पर ग्रामीणों ने सूचना इलाका पुलिस व फायर स्टेशन को दे दी। सूचना पर पहुंची दमकल की गाड़ी ने आग को बुझाया, लेकिन तब तक करीब दस बीघा फसल जलकर राख हो गई। वहीं चुआवली गांव में रघुनाथ सिंह के खेतों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन से निकली चिंगारी से आग लग गई। जिसमें करीब एक बीघा गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गई। मामले में हल्का लेखपाल प्रवीण सारस्वत ने पहुंचकर घटना की जानकारी जुटाई।