अवैध रेल टिकट का कारोबार कर रहे साइबर कैफे संचालक को किया गिरफ्तार, भेजा जेल
अलीगढ़। आईआरसीटीसी पर्सनल यूजर आईडी से ई-टिकट बनाकर कालाबाजारी करने वाले एक साइबर कैफे संचालक को सोमवार को रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट व क्राइम विंग सेल की टीम ने गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
आरपीएफ पोस्ट कमांडर राजीव वर्मा ने बताया कि एजेंट आईडी की आड़ में पर्सनल यूजर आईडी से रेलवे की ई-टिकटों का अवैध व्यापार करने वाले सुमित साइबर कैफे, इगलास के संचालक सुमित शर्मा को दबोच लिया। आरोपी ने टिकट के नाम पर 100 से 300 रुपये तक अधिक लेने की बात स्वीकारी है। आरोपी के पास से भविष्य की यात्रा की तीन टिकट कीमत 2632.15 रुपये व भूतकाल की यात्रा के दो टिकट कीमत 4845.70 रुपये मूल्य के बरामद हुए। आरोपी ने पर्सनल आईडी पर लगभग छह लाख रुपये की ई टिकट का कारोबार किया है। पकड़ने वाली टीम में एसएसआई अमित चौधरी, धीरज, ओमवीर सिंह, विनोद नागर, संदीप कुमार आदि थे।