मीरा के मंदिर में कत्थक से भक्त कर रहा है कान्हा की पूजा
कत्थक से कान्हा व मीरा को भावांजलि अर्पित करते हैं आशीष
युवा आशीष सिंह मूल रूप से बनारस में भूत भैरव नखास मोहल्ले के एक राजपूत परिवार से ताल्लुक रखते हैं। बचपन से ही उनका नृत्य विधा की ओर गजब का आकर्षण रहा है। वह बताते हैं कि बचपन में जब भी कोई संगीत सुनाई पड़ता तो वह ठुमकने लगते थे। नृत्य में इस रुचि को देखते हुए दादी ललिता सिंह व दादी की बहन आरती सिंह ने उन्हें खूब प्रोत्साहन दिया।
बाद में, परिजनों ने उन्हें बनारस में ही कत्थक की शुरुआती शिक्षा दिलवाई। पिता की मृत्यु के चार साल बाद जब वह वृंदावन दर्शन को आए तो फिर वह वृंदावन के ही होकर रह गए। वृंदावन में शुरुआती दिन उन्होंने आश्रमों में बिताए। आश्रमों में बिताई अवधि के दौरान उनके मन में सेवा और श्रद्धा के भाव जागृत हुए। आशीष आश्रम में रहने वाले शिष्यों को कत्थक सिखाने लगे और तब से लगातार वह इस काम में जुटे हुए हैं। अपने इस अभियान को एक कदम आगे बढ़ाने के लिए, हाल ही में, उन्होंने सांसद हेमा मालिनी से एक नृत्यशाला खोले जाने की अपील भी की है।
बीते काफी समय से वह वृंदावन के शाह जी मंदिर के समीप मीरा बाई के प्राचीन मंदिर में सुबह और शाम को मीरा व कान्हा के विग्रह के आगे कत्थक कर अपनी भक्तिभरी भावांजलि उनके चरणों में समर्पित करते चले आ रहे हैं।
आशीष के अनुसार, बनारस घराने की कथक नृत्यांगना सरला नारायण सिंह से उन्हें बहुत प्रेरणा मिलती है। कालांतर में उन्होंने पं. बिरजू महाराज की शिष्या संगीता सिन्हा से कथक सीखा। इसके बाद, बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय के संगीत व मंच कला संकाय से कथक में स्नातक और परास्नातक की डिग्री भी हासिल की।
आशीष द्वारा देश-विदेश के मंचों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया जा चुका है। उन्होंने साल 2010 में पं. बिरजू महाराज के निर्देशन में कॉमनवेल्थ खेल आयोजन के दौरान व साल 2015 में चीन के ‘द सेकंड सिल्क रोड इंटरनेशनल आर्ट फेस्टिवल’ में अपनी प्रस्तुति दी।
बॉलीवुड गायिका सोना महापात्र के साथ उनके अलबम ‘मंगल गान’ में भी आशीष ने नृत्य किया है। इसके साथ ही, देश के विभिन्न हिस्सों में संकट मोचन संगीत समारोह, गंगा महोत्सव, शिवरात्रि संगीत समारोह, महामृत्युंजय महोत्सव, कथक महोत्सव, बुद्ध महोत्सव, गीतांजलि महोत्सव, हंडिया माटी कथक महोत्सव, कुंभ मेला प्रयाग राज व अयोध्या के श्री राम प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में भी उनके नृत्य को जमकर प्रशंसा मिली।
आशीष को कई सारे अवॉर्ड और सम्मान भी मिले हैं। साल 2002 में काशी प्रतिभा सम्मान, साल 2005 में नवोदित कलाकार सम्मान व बाल रंग मंडल का सेतु बाल प्रतिभा सम्मान तथा साल 2019 में उन्हें उत्तराखंड का प्रतिष्ठित सुर गंगा कला निधि सम्मान मिल चुका है।