महिला के साथ नामजदों की छेड़छाड़, विरोध पर दिव्यांग पति व परिजनों को पीटा
गभाना। थाना क्षेत्र के एक गांव में नामजदों ने महिला के साथ छेड़छाड़ कर डाली। आरोप है कि आरोपियों ने महिला के दिव्यांग पति व सास-ससुर की भी पिटाई कर डाली और धमकी देते हुए भाग गए।
थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि गुरुवार सुबह वह खेतों पर कूड़ा डालने गई थी। तभी के गांव हरेंद्र व सुनील ने उसे अकेला देखकर बुरी नीयत से पकड़ लिया और जबरन एक कमरे में खींचकर ले जाने लगे। शोर-शराबा मचाने पर आस-पास के लोग आ गए और उसे बचाया। जिस पर आरोपी धमकी देते हुए भाग गए। वह घर जाकर अपने दिव्यांग पति को आप बीती बताने लगी। तभी आरोपी हरेंद्र व सुनील, नीलम व गुड़िया के साथ घर में घुस आए और गाली-गलौज करते हुए उसके व पति के साथ मारपीट करने लगे। बीच-बचाव में आए सास-ससुर के साथ भी मारपीट कर डाली। इंस्पेक्टर सुधीर कुमार ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।