टमकौली स्थित अटल आवासीय विद्यालय का मंडलायुक्त ने किया निरीक्षण, दिए आवश्यक दिशा निर्देश
गभाना। टमकौली स्थित निर्माणाधीन अटल आवासीय विद्यालय का शनिवार को मंडलायुक्त रविंद्र ने औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को परखा। उन्होंने कहा कि विद्यालय का जल्द ही लोकार्पण किया जाएगा। उन्होंने संबंधित निर्माणदायी संस्था को शेष बचे कार्यों को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
बता दें कि उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्डज्ज् के अन्तर्गत पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चे, अनाथ बच्चे, दिव्यांग माता-पिता के बच्चे, भूमिहीन परिवार के 6 साल से 14 साल तक के बच्चों को निश्शुल्क शिक्षा प्रदान करने लिए प्रदेश सरकार की ओर से अलीगढ़ मंडल का टमकौली गांव में लगभग 13.58 एकड़ क्षेत्रफल (25355 वर्गमीटर) में 60 करोड़ रुपये की लागत से एक हजार छात्र-छात्राओं की क्षमता का अटल आवासीय विद्यालय का निर्माण कार्य किया जा रहा है।
जिसका शनिवार को मंडलायुक्त ने औचक निरीक्षण किया। उन्होंने एकेडमिक भवन, छात्रावास, प्रयोगशाला का निरीक्षण किया। उन्होंने भवन के प्रयोग में लाई जा रही सामग्री पर भी प्रश्न चिन्ह लगाया। परिसर के अंदर निर्माणाधीन सड़क ऊंची नीची होने, इंटरलॉकिंग को जमीन को बिना समतल किए लगाए जाने, पार्क की जमीन को भी बिना समतल किए बलुई दोमट मिट्टी के स्थान पर कंकरीली मिट्टी का प्रयोग होने पर अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग एवं उप श्रम आयुक्त को टेक्निकल टीम गठित कर कार्यों की जांच कराकर उसकी तत्काल रिपोर्ट प्रस्तुत किये जाने को निर्देशित किया। डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा अटल आवासीय विद्यालयों के छात्र- छात्राओं को एडमीशन किट, परिचायिका व वेबसाइट की लॉचिंग कर दी गयी है। छात्रों का चयन भी कर लिया गया है, शैक्षणिक स्टाफ का भी चयन हो चुका है। जल्द ही विद्यालय में बच्चों को प्रवेशित किया जाएगा। उन्होंने विद्यालय परिसर में साफ-सफाई को समय से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
अधिशासी अभियंता को लोनिवि विश्व बैंक इंद्रपाल सिंह ने बताया कि विद्यालय का निर्माण कार्य मई 2021 में आरंभ किया गया था, जिसे इसी माह 10 सितंबर तक पूरा करना है। वर्तमान में परियोजना की वित्तीय प्रगति 93 प्रतिशत एवं भौतिक प्रगति 98.29 प्रतिशत है। अटल आवासीय विद्यालय में विद्यालय भवन, बालक-बालिका छात्रावास, प्रधानाचार्य आवास, कर्मचारी आवास, कैंटीन, विद्युत सबस्टेशन और बाउंड्रीवॉल का कार्य कराया जाना है। छात्रावास, प्रधानाचार्य आवास, कैंटीन, एसटीपी एवं यूजीटी का कार्य पूर्ण हो चुका है। शेष पर फिनिशिंग का कार्य प्रगति पर है। विद्युत सब स्टेशन पर टेस्टिंग का कार्य हो रहा है। इस दौरान उनके साथ डीएम इंद्रविक्रम सिंह, एसएसपी कलानिधि नैथानी आदि मौजूद रहे।