रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

डीएम व एसएसपी ने सुनीं जनसमस्याएं

-शासन की मंशा व संपूर्ण समाधान दिवस का लक्ष्य शिकायतकर्ता की संतुष्टि

इगलास। अधिकारी संपूर्ण समाधान दिवस, आईजीआरएस व अन्य स्त्रोतों से प्राप्त शिकायतों को निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्ण तरीके से निस्तारित करें। प्रदेश सरकार जन शिकायत निस्तारण के प्रति संवेदनशील है। उन्होंने निर्देशित किया कि शिकायत निस्तारण से शिकायतकर्ता को संतुष्ट होना चाहिए। शासन की मंशा और संपूर्ण समाधान दिवस का लक्ष्य शिकायतकर्ता की संतुष्टि है। उक्त बातें शनिवार को तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने तमाम जिलास्तरीय अधिकारियों के साथ जन समस्याओं को सुनने के दौरान कहीं।

डीएम ने कहा कि जन शिकायतों का निस्तारण प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है, शासन स्तर से भी समय-समय पर शिकायत निस्तारण की गुणवत्ता की जांच की जाती है। खराब निस्तारण से जनपद की ग्रेडिंग प्रभावित होती है। इसलिए सभी अधिकारी तथ्यात्मक ढ़ंग से सुव्यवस्थित निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी अधिकारियों को सख्त निर्देश दिये कि योजनाओं के संचालन एवं शिकायतों के निस्तारण में ढ़िलाई न बरती जाए। कोई भी व्यक्ति संचालित योजनाओं से वंचित न रहने पाए। लाभार्थीपरक योजनाओं के लाभार्थियों का शत-प्रतिशत आधार सीडिंग का कार्य करा लिया जाए।

कार्यक्रम में राजस्व विभाग की 26, पुलिस 02, विकास की 09, विद्युत की 12, स्वास्थ्य की 01 एवं 01 अन्य प्रकार की कुल 51 शिकायतें प्राप्त हुई।  इस दौरान एसई हाइडिल ने विद्युत ग्राहकों के लिए विद्युत बिल में छूट एवं डीपीओ ने हॉट कुक्ड योजना के बारे में विस्तार से जानकारी उपलब्ध कराई।

डीएम ने प्रदान किये शौचालय आवंटन प्रमाण पत्र

डीएम इन्द्र विक्रम सिंह ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत पात्र लाभार्थियों को शौचालय आवंटित करते हुए प्रतीक स्वरूप 10 प्रमाण पत्र प्रदान किये। उन्होंने कहा कि पंचायतीराज विभाग के सफल प्रयासों से जनपद ओडीएफ घोषित हो चुका है। वर्तमान में जनपद ओडीएफ प्लस के तहत तरल एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन पर कार्य कर रहा है। उन्होंने लाभार्थियों से अपील करते हुए कहा कि वह शौचालयों का वास्तविक ढ़ंग से प्रयोग करें, स्वच्छता उन्हें कई बीमारियों से दूर रखेगी।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!