रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

महान क्रांतिकारी बटुकेश्वर दत्त की जयंती पर दी श्रद्धांजलि

इगलास। परोपकार सामाजिक सेवा संस्था द्वारा गांव तोछीगढ़ में आज जंग-ए-आज़ादी के महानायक शहीद भगत सिंह जी के साथ केंद्रीय असेंबली में बम फेंकने वाले महान क्रांतिकारी बटुकेश्वर दत्त की 113 वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।

संस्था के अध्यक्ष जतन चौधरी ने कहा कि बटुकेश्वर दत्त को देश सबसे पहले 8 अप्रैल 1929 को जाना, जब वे भगत सिंह के साथ केंद्रीय विधान सभा में बम विस्फोट के बाद गिरफ्तार किए गए। उन्होनें आगरा व कानपुर में स्वतंत्रता आंदोलन को संगठित करने में उल्लेखनीय कार्य किया था।

बटुकेश्वर दत्त का जन्म 18 नवम्बर 1910 को बंगाल के एक ब्राह्मण परिवार में हुआ था। 1924 में कानपुर में इनकी भगत सिंह से भेंट हुई। इसके बाद इन्होंने हिंदुस्तान सोशलिस्ट रिपब्लिकन एसोसिएशन के लिए कानपुर में कार्य करना प्रारंभ किया। इसी क्रम में उन्होंने बम बनाना भी सीखा था। 8 अप्रैल 1929 को दिल्ली स्थित केंद्रीय विधानसभा में भगत सिंह के साथ बम विस्फोट कर ब्रिटिश हुकूमत की तानाशाही का विरोध किया था। इस घटना के बाद बटुकेश्वर दत्त और भगत सिंह को गिरफ्तार कर लिया और दोनों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई।

सजा सुनाने के बाद इन लोगों को लाहौर फोर्ट जेल में डाल दिया गया। यहां पर भगत सिंह और बटुकेश्वर दत्त पर लाहौर षडयंत्र केस चलाया गया। जिसमें भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को फांसी की सजा दी गई और बटुकेश्वर दत्त को आजीवन कारावास काटने के लिए काला पानी जेल भेज दिया गया।

स्वतंत्रता के बाद वे पटना में रहने लगे। बिहार विधान परिषद ने बटुकेश्वर दत्त को अपना सदस्य बनाने का गौरव भी प्राप्त किया था। लेकिन उनका पूरा जीवन संघर्षों से जूझते हुए ही बीता था। कैंसर बीमारी के चलते दिल्ली एम्स में 20 जुलाई 1965 को उन्होंने अंतिम सांस ली।

मृत्यु के बाद इनका दाह संस्कार इनके अन्य क्रांतिकारी साथियों- भगत सिंह, राजगुरु एवं सुखदेव की समाधि स्थल पंजाब के हुसैनी वाला में किया गया था।

बटुकेश्वर दत्त राजनैतिक महत्वाकांक्षा से दूर शांतचित्त एवं देश की खुशहाली के लिए हमेशा चिन्तित रहने वाले क्रांतिकारी थे।

इस अवसर पर प्रदीप उपाध्याय, आशीष गौतम, रमेश ठैनुआं, आकाश रावत, मोहित कुमार, सूरज चौधरी, विपिन कुमार, उदय प्रताप, साधना आदि मौजूद रहे। 

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!