आरएसएस के बाल शिविर में दिया संस्कारों की शिक्षा पर जोर
गभाना। नगर के सोमना मोड़ स्थित जसराम सिंह सरस्वती इंटर काॅलेज में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ गभाना नगर व खंड की ओर से चल रहे दो दिवसीय बाल शिविर का रविवार को समापन हो गया। शिविर का शुभारंभ खैर जिला प्रचारक कुश ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह शिविर बालकाें के शारीरिक एवं बौद्धिक प्रशिक्षण की दृष्टि से लगया गया है। उन्होने कहा कि प्रत्येक बालक अनुशासित जीवन अपनाकर एक आदर्श नागरिक व देशभक्त बन सकता है।
बौद्धिक गोष्ठी में विभाग प्रचारक गाेविंद ने कहा कहा कि आरएसएस राष्ट्र के गौरव की वृद्धि के लिए निरंतर प्रयासरत है, इसी कड़ी में जगह-जगह बाल शिविर का आयोजन कराया जाता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बालकों को संस्कारवान बनाने की अति आवश्यकता है, तभी वे राष्ट्र के सच्चे नागरिक बन सकेंगे। बालकों में संस्कार उत्पन्न करने के लिए बचपन से ही महापुरूषों के जीवन आदर्शों से परिचित कराया जाना चाहिए। बालकों को अपने धर्मग्रंथों का अध्ययन करना चाहिए। उन्होनें बच्चों से संघ की ओर से लगाई जाने वाली शाखा में नियमित जाने को कहा। शिविर में क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों के 110 से अधिक छात्रों ने भाग लिया। शिविर में खेलकूद, व्यायाम, सूर्य नमस्कार आदि का प्रशिक्षण दिया गया, साथ ही राष्ट्रहित व समाज के उत्थान से जुड़ी विभिन्न प्रतियोगिताएं भी आयोजित हुई। शिविर में जिला कार्यवाह शिवकांत रावत, जिला संघ चालक नीरज गुप्ता, कन्हैया, अनिल सारस्वत, भुवनेश कुमार सिंह, देवकीनंदन शर्मा, राजकुमार डिश, गज कुमार सिंह, चौ. मनवीर सिंह, नितेश भारद्वाज, योगेश मित्तल, विवेक, उत्कर्ष, निखिल, मयंक आदि मौजूद रहे।