रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

कब्रिस्तान में अवैध कब्जा होने पर ग्रामीणों ने शव न दफनाने का किया ऐलान

प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन पर माने ग्रामीण

टप्पल। क्षेत्र के गांव लालपुर में कब्रिस्तान में शव दफनाने के लिए जगह न होने से नाराज ग्रामीणों ने सड़क हादसे में मौत के बाद युवक के शव को न दफनाने का एेलान कर दिया। जिस पर थाना पुलिस व प्रशासन के हाथ पैर फूल गए। हल्का लेखपाल व पुलिस ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर तीन दिन के अंदर कब्रिस्तान को कब्जा मुक्त कराने का आश्वासन दिया तब कहीं जाकर ग्रामीणों ने युवक के शव को सुपुर्द ए खाक किया।

थाना क्षेत्र के गांव लालपुर के एक युवक की बुधवार को सड़क हादसे में मौत हो गई थी। गुरुवार को ग्रामीणों ने कब्रिस्तान को कब्जा मुक्त न कराने तक शव को न दफनाने का ऐलान कर दिया। मामला एडीएम खैर मृणाली अविनाश जोशी तक पहुंची। जिस पर उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना पुलिस व राजस्व विभाग की टीम को मौके पर भेजा। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कब्रिस्तान पर कुछ लोगों ने अवैध तरीके से पक्के मकान बना लिए हैं, जबकि कुछ लोगों ने पशुओं को बांधने के साथ उस पर अवैध कब्जा कर रखा है। कब्रिस्तान में अवैध कब्जा होने के चलते कब्र खोदने तक को जगह नहीं बची है। कई बार तहसील से लेकर जिलास्तरीय अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन उनकी समस्या का कोई समाधान नहीं हो पा रहा है। जिस पर हल्का लेखपाल राजेश कुमार मिश्रा ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर तीन दिन के अंदर पुलिस बल के साथ कब्रिस्तान से अवैध कब्जों को हटवाने का आश्वासन दिया। तब कहीं जाकर ग्रामीणों ने शव को दफनाया।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!