रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

पत्नी की हत्या कर शव फेंकने की सूचना पर दौड़ी पुलिस, पति को हिरासत में लिया

- महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत, दो महीने पहले हुआ था निकाह

अलीगढ़। थाना क्वार्सी पुलिस को पति द्वारा पत्नी की हत्या कर शव को ठिकाने लगाने की लिए बक्सा में बंद कर ले जाने की सूचना मिली। हत्या की सूचना पर पुलिस तत्काल अलर्ट हो गई। पुलिस ने आरोपी पति का पीछा करते हुए उसे यमुना एक्सप्रेस वे से हिरासत में ले लिया। उसके पास से मिले महिला के शव काे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। आरोपी पति बीमारी से महिला की मौत होने की बात बोल रहा है, वहीं पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के इंतजार में है।

दो महीने पहले हुआ था प्रेम-विवाह

क्वार्सी थाना क्षेत्र के नगला पटवारी स्थित वाजिब नगर निवासी बुशरा (21) का एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग था। जिसके बाद परिजनों ने आपसी सहमति से करीब दो माह पूर्व दोनों का निकाह करा दिया। शुक्रवार रात को महिला के मायका पक्ष के लोगों ने क्वार्सी थाना पुलिस को दी कि एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है। जिसके बाद आरोपी शव को ठिकाने लगाने के लिए बक्से में रखकर ले जा रहा है। जैसे ही पुलिस को यह सूचना मिली, पुलिस तत्काल अलर्ट हो गई और पूरे क्षेत्र में कंट्रोल रूम से सूचना फैल गई। कंट्रोल रूम की सूचना के बाद एक ओर क्वार्सी पुलिस हाईवे की ओर रवाना हुई, वहीं दूसरी ओर टप्पल पुलिस भी सतर्क हो गई। आरोपी कार में अपनी पत्नी का शव लेकर जा रहा था, इसी दौरान यमुना एक्सप्रेस वे पर पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया।उसके पास मिले महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया, वहीं आरोपी पति को पकड़कर थाना ले आई।

पति ने कहा बीमारी से हुई है पत्नी की मौत

पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया है कि उसकी पत्नी पिछले कई दिनों से बीमार चल रही थी। वह उसे लेकर नोएडा इलाज कराने ले जा रहा था। रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इसी दौरान पुलिस ने उसे पकड़ लिया। वहीं पुलिस ने बताया कि महिला के शरीर पर किसी तरह के चोंट के निशान नहीं हैं। महिला के मायका पक्ष ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही आरोपी पति और उसके परिवारीजन उनसे दहेज की मांग करते थे। दहेज न मिलने पर आरोपी मारपीट करते थे और उनकी बेटी की अब हत्या कर दी है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही उठ सकेगा मौत से पर्दा

सीओ थर्ड अशोक कुमार सिंह ने बताया कि महिला की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। आरोपी पति को हिरासत में ले लिया गया है, जिससे पूछताछ की जा रही है। मायके पक्ष ने दहेज हत्या का अरोप लगाया है, उनकी तहरीर के अनुसार मुकदमा दर्ज करके कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!