आखिरकार पकड़ा गया लोगों की नींद खराब करने वाला मगरमच्छ, वन विभाग की टीम को मिली सफलता
- अलीगढ़ के थाना बन्नादेवी क्षेत्र की आवास विकास कॉलोनी, नई बस्ती में तड़के पकड़ा गया मादा मगरमच्छ, नागरिकों में खुशी का माहौल
अलीगढ़। पिछले एक सप्ताह से रात में लोगों की नींद खराब करने वाला मगरमच्छ आखिरकार बुधवार को पकड़ा गया । घनी आबादी वाले क्षेत्र में घूमने वाले मादा मगरमच्छ को वन विभाग की टीम ने तड़के करीब चार बजे पकड़ लिया। पिछले एक सप्ताह से मगरमच्छ के पोखर से निकलकर बाहर आ जाने और उसके गलियों में घूमने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खासा वायरल हो रहा था।
महानगर के थाना बन्नादेवी क्षेत्र की आवास विकास कॉलोनी नई बस्ती में वर्षों पुरानी पोखर है। इस पोखर में पिछले काफी समय से मगरमच्छ होने की बात सामने आती रही है। जहां से मगरमच्छ निकलकर आसपास के आबादी वाले इलाकों में घूमते रहता है। इसके चलते अधिकांश लोग इस पोखर की तरफ जाने से हिचकचाते हैं। बच्चों को भी खेलने नहीं जाने देते। पिछले दिनों इलाके में सड़कों पर मगरमच्छ घूमता हुआ दिखाई दिया। यहां लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में ही मगरमच्छ रात के समय टहलता नजर आया।
मगरमच्छ के टहलने का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा था। हालांकि, इससे पहले भी इलाके में मगरमच्छ देखा गया था। मगरमच्छ को लेकर इलाके में लोग दहशत में आ गए थे। मगरमच्छ को पकड़ने के लिए वन विभाग और नगर निगम की टीम पिछले कई दिनों से तलाश में जुटी हुई थी। स्थानीय लोग भी इसमें मदद कर रहे थे। तड़के करीब चार बजे मगरमच्छ के पोखर में दिखाई देने पर वन विभाग की टीम ने जाल की मदद से उसे पकड़ लिया । मगरमच्छ के पकड़े जाने के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई और उन्होंने खुशी का इजहार किया। मगरमच्छ को वन विभाग की टीम अपने साथ ले गई । पिछले कई दिनों से मगरमच्छ की सघन तलाश जारी थी।
टीम में विशेष पुलिस अधिकारी चरणजीत सिंह, पुत्तन लाल, सर्वेश कुमार, धर्मेंद्र सिंह आदि शामिल थे। डीएफओ दिवाकर वशिष्ट ने बताया कि पकड़ा गया मादा मगरमच्छ है। जो करीब 212 सेंटीमीटर लंबा है। उन्होंने बताया कि पकड़े गए मगरमच्छ को सांकरा में गंगा किनारे जंगल में छोड़ा गया है। पोखर में यह भी तलाश किया जा रहा है कि कहीं अभी मादा मगरमच्छ का परिवार अथवा बच्चे मौजूद तो नहीं है।