हसनपुर में नामजदों ने घर में घुसकर मारपीट करते हुए पांच लोगों को किया घायल
पीड़ित ने एसएसपी से मदद को लगाई गुहार
गभाना। क्षेत्र के गांव हसनपुर में नामजदों ने घर में घुसकर लाठी-डंडों से जमकर मारपीट करते पांच लोगों को घायल कर दिया। मामले में पीड़ित ने एसएसपी से मदद को गुहार लगाई है। पुलिस ने एसएसपी के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हसनपुर गांव निवासी हरिपाल सिंह ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 16 जुलाई की रात्रि में पड़ोस का राजवीर सिंह शराब के नशे में गाली-गलौज कर रहा था। उसके बेटे प्रेमपाल ने गाली का विरोध किया। आरोप है कि इसी बात पर राजवीर, किशन उर्फ कृष्णा, उमेश, रूमा देवी व डौली आदि हाथों में लाठी-डंडे लेकर घर में घुस आए और परिजनों के साथ मारपीट कर डाली। मारपीट में उसके अलावा बेटा प्रेमपाल, दौबी, पत्नी पार्वती देवी व बेटी लक्ष्मी घायल हो गए। शोर-शराबा सुनकर आस-पड़ौस के लोग मौके पर एकत्रित हो गए। जिन्हें देखकर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। मारपीट में बेटी लक्ष्मी की गंभीर चोटें आई हैं। आरोप है कि वह थाना पहुंचे तो पुलिस ने उनकी कोई सुनवाई नहीं की, बल्कि बेटा को रातभर थाने में बिठाकर रखा। इस संबंध में इंस्पेक्टर राम कुंवर सिंह ने बताया कि मारपीट में घायल युवकों को डॉक्टरी परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा गया था, लेकिन वह वापस थाने न आकर सीधे एसएसपी के यहां पर चले गए। पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में जांच की जा रही है।
महिला को मारपीट कर किया घायल
गभाना। क्षेत्र के गांव चुआवली में भतीजों ने महिला के साथ मारपीट करते हुए घायल कर दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
थाना क्षेत्र के गांव चुआवली निवासी रेखा देवी पत्नी सत्यदेव ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि सोमवार शाम को उसके जेठ अशोक कुमार के बेटे जीतेशव गौरी शंकर उसके घर को तोड़ रहे थे। जब उसने विरोध किया तो आरोप है उक्त दोनों ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट कर डाली। जिसमें वह घायल हो गई। आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। इंस्पेक्टर राम कुंवर सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, जांच की जा रही है।