रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

गभाना के किसान की बेटी ने हाईस्कूल की परीक्षा में लहराया परचम, जिले में पाया आठवां स्थान

- नगर के श्री लक्ष्मीराज इंटर कॉलेज में हाईस्कूल की छात्रा है दीपा

गभाना। क्षेत्र के गांव रायपुर के किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाली छात्रा ने हाईस्कूल की परीक्षा में जिलें में आठवां स्थान पाकर तहसील क्षेत्र का नाम रोशन किया।

गांव के किसान रामकुमार शर्मा की बेटी दीपा शर्मा नगर के श्री लक्ष्मीराज इंटर कॉलेज की छात्रा हैं। शनिवार को यूपी बोर्ड के जारी हुए परीक्षा परिणाम में दीपा ने 600 में से 574 (95.66 प्रतिशत) अंक लाकर जिले में आठवां स्थान हासिल कर कॉलेज व क्षेत्र का नाम रोशन किया है। दीपा ने अंग्रेजी, गणित व विज्ञान में 97-97 अंक, सामाजिक विज्ञान व कला में 95-95 अंक व हिंदी में 93 अंक प्राप्त किए हैं। जैसे ही छात्रा के जिले में स्थान प्राप्त करने की जानकारी कॉलेज के शिक्षकों के अलावा परिजनों को हुई तो उनका खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने छात्रा को मिष्ठान खिलाकर शुभकामनाएं देते हुए उज्जवल भविष्य की कामना की।

आईएएस बन देश सेवा करना उद्​देश्य

दीपा के पिता रामकुमार गांव में ही खेतीबाड़ी करके परिवार का भरण-पोषण करते हैं, जबकि मां पवित्रा देवी गृहणी है। दीपा ने बताया कि वह स्कूल से आने के बाद पांच-छह घंटे नियमित पढ़ाई करती थी। उन्हें उम्मीद थी कि परीक्षा परिणाम अच्छा आएगा। उन्होंने बताया कि उन्होंने कभी कोई अतिरिक्त ट्यूशन नहीं लिया, बल्कि जिस विषय में उन्हें जब भी दिक्कत हुई तो कॉलेज के शिक्षकों ने अतिरिक्त समय देकर समस्याओं को दूर कराया। उन्होंने सफलता का श्रेय माता-पिता के अलावा कॉलेज के प्रधानाचार्य डा. विजेंद्र कुमार शर्मा समेत शिक्षकों को दिया है। दीपा को खुशी है कि उन्होंने माता-पिता व शिक्षकों के विश्वास को कायम रखा। दीपा ने बताया कि वह आईएएस बनकर देश व समाज की सेवा करना चाहती है। उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि बोर्ड की परीक्षा हो या जीवन में कोई अन्य परीक्षा हो, अगर उसमें सफलता हासिल करनी है तो कभी भी परीक्षाओं की तैयारी एक-दो दिन में नहीं होती। निरंत कक्षा में अध्ययन ही जीवन की सफलता है। वही क्षेत्रीय ग्रामीणों ने भी कॉलेज के शिक्षकों की मेहनत व अनुशासन की जमकर सराहना करते हुए बधाई दी है।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!