गभाना तहसील आईजीआरएस के निस्तारण में लगातार पांचवीं बार प्रदेश में रही अब्बल
- इगलास, कोल, खैर व अतरौली भी रहीं पहले स्थान पर
गभाना। जनसुनवाई समाधान प्रणाली (आईजीआरएस) हेल्पलाइन से की जाने वाली सुनवाई में पिछले चार महीनों की तरह शिकायतों के निस्तारण में गभाना तहसील प्रदेश भर में लगातार पांचवीं बार अब्बल रही है, वहीं इगलास, कोल, खैर व अतरौली तहसील भी प्रदेश में इस बार प्रथम रही।
जनपद की पांचों ही तहसीलों को गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए 100 फीसद नंबर मिले हैं। इसी तरह शिकायतों के निस्तारण में अलीगढ़ जनपद को प्रदेश में 20 वां स्थान प्राप्त मिला है। जुलाई माह में अलीगढ़ जनपद 13 वें स्थान पर रहा था।
मंडल के ही जनपद एटा व कासगंज को भी 20 वीं रैंक मिली है, जबकि हाथरस को 48 वीं रैंक मिली है। जिले की गभाना तहसील ने माह अप्रैल, मई, जून, जुलाई के बाद अगस्त माह में भी शिकायतों का बेहतर निस्तारण करते हुए पूरे प्रदेश में पहला स्थान पाया है। वहीं इगलास तहसील भी जुलाई के बाद अगस्त में भी पहले स्थान पर रही है। एसडीएम गभाना केबी सिंह ने इसका श्रेय डीएम इंद्र विक्रम सिंह के कुशल प्रशासनिक मार्गदर्शन एवं टीम की अथक मेहनत को दिया है। उन्होंने कहा कि आईजीआरएस निस्तारण की भांति ही अन्य कार्यक्रमों व शासनस्तर से चलाई जा रही महत्वाकांक्षी योजनाओं के संचालन में भी इसी प्रकार आगे रहते हुए तहसील एवं जनपद का नाम रोशन करने में कोई कमी नहीं छोड़ेंगे।