गभाना: बेकाबू ट्रक ने कुल्फी के ठेले को मारी टक्कर, भट्टा मजदूर की मौत, विक्रेता गंभीर घायल
घौरोठ पुल के पास सड़क किनारे खड़े लोगों पर काल बनकर टूटा ट्रक, परिजनों में कोहराम
गभाना। सोमना-खैर मार्ग पर घौरोठ पुल के पास बुधवार शाम एक अनियंत्रित ट्रक ने सड़क किनारे खड़े कुल्फी के ठेले में जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में ठेले के पास खड़े एक ईंट-भट्टा मजदूर की मौत हो गई, जबकि कुल्फी विक्रेता गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को नाजुक हालत में जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार शाम करीब 4:30 बजे एक तेज रफ्तार ट्रक सोमना मोड़ से खैर की तरफ जा रहा था। जैसे ही ट्रक घौरोठ पुल के पास पहुंचा तभी चालक नियंत्रण खो बैठा और ट्रक सड़क किनारे खड़े कुल्फी के ठेले में जा घुसा। हादसे में ठेला लगा रहे कन्हैया कश्यप निवासी नहरौला थाना खैर और वहां खड़े भट्टा मजदूर सीताराम (45) पुत्र भल्ला निवासी थाना खरेला जनपद महोबा गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि ठेला भी पूरी क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को तत्काल गभाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टरों ने घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत जेएन मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। वहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद 45 वर्षीय मजदूर सीताराम को मृत घोषित कर दिया, जबकि कुल्फी विक्रेता कन्हैया का उपचार जारी है।
इकलौते बेटे के सिर से उठा पिता का साया
सीताराम की मौत की खबर मिलते ही ईंट-भट्टे पर काम करने वाले उनके साथी और परिजनों में चीख-पुकार मच गई। बताया गया है कि मृतक सीताराम अपने परिवार के साथ क्षेत्र के जखौता स्थित एक ईंट-भट्टे पर मजदूरी करते थे और वह अपने पीछे पत्नी के अलावा एक बेटा छोड़ गए है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसा करने वाले ट्रक को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।