रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

पुलिस ने अवैध खनन पर की बड़ी कार्रवाई, ट्रैक्टर और मिट्टी लोडर को किया सीज

चंडौस। अवैध खनन और भू-माफियाओं के खिलाफ चलाई जा रही जीरो टॉलरेंस नीति के तहत स्थानीय पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। चंडौस थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए क्षेत्र के गांव सुरेंद्र नगर में बड़े पैमाने पर चल रहे मिट्टी के अवैध खनन का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से अवैध कार्य में लिप्त एक महिंद्रा ट्रैक्टर और एक अत्याधुनिक मिट्टी लोडर मशीन को जब्त कर सीज कर दिया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है।

सूचना पर पुलिस टीम ने मारा छापा

इंस्पेक्टर सत्यवीर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को काफी समय से क्षेत्र में गुपचुप तरीके से मिट्टी का अवैध रूप से कटान किए जाने की शिकायतें मिल रही थीं। बुधवार को मुखबिर तंत्र के जरिए पुख्ता सूचना मिली कि गांव नगला पदम के अंतर्गत आने वाले सुरेंद्र नगर के बाहरी इलाके में कुछ लोग बिना किसी प्रशासनिक अनुमति के अवैध रूप से बड़े पैमाने पर मिट्टी का खनन कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस बल ने बिना वक्त गंवाए मौके पर छापेमारी की।

पुलिस को आता देख वाहन छोड़ रफूचक्कर हुए आरोपी

मौके पर पहुंची पुलिस टीम को आता देख मौजूद खनन कर आरोपी अवाक रह गए। पकड़े जाने के डर से आरोपी अपने वाहनों को वहीं बीच छोड़ कर मौके से रफूचक्कर हो गए। पुलिस बल ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वे भागने में सफल रहे। इसके बाद पुलिस ने अवैध खनन स्थल से ट्रैक्टर और मिट्टी खोदने वाली लोडर मशीन को अपने कब्जे में लेकर थाने भिजवा दिया।

खनन विभाग को भेजी गई रिपोर्ट

इंस्पेक्टर ने बताया कि पकड़े गए ट्रैक्टर को मोटर व्हीकल एक्ट और अवैध खनन अधिनियम के तहत सीजिंग की कठोर वैधानिक कार्रवाई की गई है। इसके साथ ही मौके की विस्तृत स्थलीय आख्या (रिपोर्ट) तैयार कर आगे की दंडात्मक कानूनी कार्रवाई और भारी जुर्माना लगाने के लिए जिला खनन अधिकारी को आधिकारिक रूप से प्रेषित कर दी गई है।

खनन माफियाओं को नहीं बख्शेगी पुलिस

इंस्पेक्टर सत्यवीर सिंह ने असामाजिक तत्वों और खनन माफियाओं को चेतावनी देते हुए कहा कि थाना क्षेत्र के अंतर्गत किसी भी प्रकार का अवैध कारोबार, चाहे वह अवैध शराब का हो, हथियारों का हो या फिर प्राकृतिक संपदा जैसे मिट्टी का अवैध खनन हो, कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस का यह धरपकड़ अभियान आगे भी पूरी कड़ाई के साथ लगातार जारी रहेगा।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!