रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

विकास की नई किरण: गाजियाबाद-अलीगढ़ एक्सप्रेस-वे ने मढ़ौला और भरतरी के अंधियारे गलियारों में भरा उजाला

गभाना (अलीगढ़)। आधुनिक बुनियादी ढांचे और सामाजिक सरोकारों के मेल ने अलीगढ़ के ग्रामीण अंचलों की सूरत बदलनी शुरू कर दी है। गाजियाबाद-अलीगढ़ एक्सप्रेस-वे (जीएपीएल) ने केवल आवागमन की दूरियां ही कम नहीं की हैं, बल्कि अब इसके प्रयासों से क्षेत्र के अंधेरे गलियारों में रोशनी का नया सवेरा हुआ है। जीएपीएल और क्यू रूट्स हाईवे फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में चलाए गए जन-कल्याणकारी अभियान के अंतर्गत मढ़ौला और भरतरी ग्राम पंचायतों के कई मजरों को सौर ऊर्जा की दूधिया रोशनी से नहला दिया गया है।

प्रोजेक्ट डायरेक्टर अनिरुद्ध सिंह एवं टोल मैनेजर इंद्रजीत चौधरी ने इस परियोजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि विकास की मुख्यधारा से गांवों को जोड़ने के संकल्प के साथ मढ़ौला ग्राम पंचायत के अंतर्गत आने वाले बलवंत नगलिया, भूपाल नगलिया, माजरा दौरऊ और मूल ग्राम मढ़ौला में कुल 80 सोलर लाइटें स्थापित की गई हैं। वहीं, भरतरी ग्राम पंचायत के सार्वजनिक मार्गों और प्रमुख स्थलों पर 20 सोलर लाइटें लगवाकर ग्रामीणों की राह आसान की गई है।

इन आधुनिक सोलर लाइटों के लगने से न केवल रात के समय ग्रामीणों को आवागमन में सुरक्षा मिली है, बल्कि जंगली जीव-जंतुओं के भय से भी मुक्ति मिली है। ग्रामीणों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि पहले सूर्यास्त के बाद गलियों में सन्नाटा और अंधेरा छा जाता था, लेकिन अब एक्सप्रेस-वे प्रबंधन के इस प्रयास ने गांवों को शहरी चमक प्रदान की है।

एक्सप्रेस-वे के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य केवल सड़क निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि आसपास के ग्रामीण परिवेश के जीवन स्तर को ऊंचा उठाना भी उनकी प्राथमिकता है। सौर ऊर्जा के इस प्रयोग से पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ गांवों में निर्बाध प्रकाश की व्यवस्था सुनिश्चित हुई है।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!