दौरऊ मोड़ पर महाराणा प्रताप पार्क का भव्य शिलान्यास, पूर्व कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह ने किया भूमि पूजन
गभाना। दौरऊ मोड़ पर वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप पार्क के शिलान्यास और भूमि पूजन के अवसर पर एक ऐतिहासिक और विशाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बरौली विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री ठाकुर जयवीर सिंह रहे। कार्यक्रम की शुरुआत एक विशाल रैली के साथ हुई, जिसमें सैकड़ों ट्रैक्टरों, गाड़ियों और मोटरसाइकिलों का काफिला जीटी रोड से होते हुए आयोजन स्थल तक पहुँचा। पूर्व मंत्री के पहुँचते ही क्षेत्रीय जनता ने भारी उत्साह के साथ उनका स्वागत किया। बरौली विधायक ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से भूमि पूजन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
स्वाभिमान की मिसाल थे महाराणा
बरौली विधायक ठाकुर जयवीर सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप केवल एक राजा नहीं, बल्कि देश के स्वाभिमान के प्रतीक हैं। उन्होंने महलों के ऐश्वर्य और सुख-सुविधाओं को त्याग कर जंगलों में घास की रोटी खाना स्वीकार किया, लेकिन विदेशी दासता के आगे कभी सिर नहीं झुकाया। आज के युवाओं को उनकी वीरता से यह सीखना चाहिए कि मातृभूमि की सेवा से बढ़कर कुछ नहीं है। राष्ट्र निर्माण में हर युवा को महाराणा के आदर्शों को आत्मसात करना चाहिए। यह केवल पत्थरों और बगीचों से बना पार्क नहीं, बल्कि हमारी भावी पीढ़ी के लिए शौर्य का जीवंत अध्याय होगा, जो हर नागरिक के मन में राष्ट्रभक्ति की अलख जगाएगा। इस पार्क का स्वरूप ऐसा भव्य होगा कि यहाँ आने वाला हर व्यक्ति महाराणा के स्वाभिमान की महक और उनके वीरतापूर्ण इतिहास का साक्षात अनुभव कर सकेगा।
सिद्धांतों से समझौता न करें युवा
नोएडा इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी के चांसलर प्रो. अभिमन्यु सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन हमें सिखाता है कि परिस्थितियां चाहे कितनी भी विपरीत क्यों न हों, व्यक्ति को अपने सिद्धांतों और आत्मसम्मान से कभी समझौता नहीं करना चाहिए। शिक्षा के साथ-साथ युवाओं में चारित्रिक दृढ़ता का होना अनिवार्य है। यदि हम अपने मूल्यों पर अडिग रहना सीख जाएं, तो कोई भी बाधा हमें सफल होने से नहीं रोक सकती है।
इतिहास और गौरव की रक्षा का संकल्प
कार्यक्रम में उपस्थित एमएलसी चौधरी ऋषिपाल सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप किसी एक समाज के नहीं, बल्कि संपूर्ण राष्ट्र के गौरव हैं। यह पार्क आने वाली पीढ़ियों को उनकी कुर्बानी और वीरता की याद दिलाता रहेगा। छर्रा विधायक रवेंद्रपाल सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप का संघर्ष हमें विपरीत परिस्थितियों में भी लड़ना सिखाता है। पार्क का शिलान्यास होना क्षेत्र के लिए बड़े सौभाग्य और गौरव की बात है। कोल विधायक अनिल पाराशर ने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन ‘स्वधर्म’ और ‘स्वदेश’ की रक्षा का प्रतीक है। आज के समय में जब हम विकसित भारत की बात करते हैं, तो महाराणा प्रताप जैसे महापुरुषों के संस्कार ही हमारी शक्ति हैं। कार्यक्रम का सफल संचालन श्यामबाबू शर्मा ने किया।
रागिनी से गूँजा वीर रस
कार्यक्रम में सांस्कृतिक छटा बिखेरने के लिए विशेष रागिनी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कलाकारों ने अपनी सुरीली आवाज में देशभक्ति और वीर रस से ओत-प्रोत रागिनियां प्रस्तुत कर जनसमूह में जोश भर दिया। कलाकारों ने महाराणा प्रताप के हल्दीघाटी के युद्ध और उनके चेतक की वीरता के किस्सों को रागिनी के माध्यम से सुनाया, तो पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूँज उठा। इन प्रस्तुतियों ने न केवल मनोरंजन किया, बल्कि उपस्थित जनसमूह को गौरवशाली इतिहास से भी जोड़ दिया।
कार्यक्रम में इनकी रही उपस्थिति
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख जवां हरेंद्र सिंह, ब्लॉक प्रमुख गौंडा चौधरी नरेंद्र सिंह, ब्लॉक प्रमुख खैर दिवाकर गौड़, चेयरमैन हरदुआगंज राजेश यादव, चेयरमैन बरौली मनोज कुमार, चेयरमैन प्रतिनिधि जवां पिंटू सूर्यवंशी, जिला पंचायत सदस्य संजय सिंह संजू, मास्टर धीरेंद्रपाल सिंह, अनिल सारस्वत, दलवीर सिंह, शरद ठाकुर, प्रमोद कुमार, प्रमोद बालियान, डा. धर्मवीर सिंह, भगत सिंह चौहान, देववृत चौहान, प्रेमपाल सिंह, सुमित सिंह, नागेंद्र सिंह, चौधरी निर्भय सिंह, अनिल प्रधान, प्रवेंद्र सिंह, कालीचरन माहौर, जितेंद्र शर्मा, वीरपाल सिंह, सचिन शर्मा, सुरेश शर्मा, नितिन गुप्ता, शीलू ठाकुर आदि मौजूद रहे।