रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

पत्नी का गला रेतकर पति ने की हत्या, घर का ताला लगाकर मौके से हुआ फरार

- बरला थाना क्षेत्र के गाजिपुर का मामला

अलीगढ़। थाना बरला क्षेत्र के गाजीपुर में पत्नी का गला रेतकर पति ने हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी पति घर के बाहर ताला लगाकर फरार हो गया। जब शनिवार को उसका भाई और भतीजी घर पर पहुंचे तो उन्हें संदेह हुआ। जिसके बाद उन्होंने पड़ोसियो से बातचीत की। लोगों ने इसकी जानकारी तत्काल पुलिस को भी दी। घटना की जानकारी मिलने पर जब पुलिस पहुंची और दरवाजा खोलकर घर में घुसी तो अंदर महिला का शव लहुलुहान हालत में पड़ा हुआ था। जिसके बाद पुलिस ने शव को तत्काल कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं आरोपी पति की तलाश शुरू कर दी।

20 साल पहले हुई शादी, आए दिन होता था विवाद

बरला थाना क्षेत्र के गांव गाजीपुर में रहने वाले नीरज सैनी की शादी लगभग 20 साल पहले शिकोहाबाद की गीता के साथ हुई थी। शादी के इतने साल बीतने के बाद भी दोनों की कोई संतान नहीं थी। जिसके कारण दोनों पति पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था आए दिन मारपीट भी होती थी।

वहीं इलाके के लोगों ने बताया कि आरोपी अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह भी करता था, जिसके कारण वह आए दिन उसके साथ मारपीट करता था। इसी के चलते आरोपी ने शुक्रवार रात को अपनी पत्नी की हत्या कर दी और शव को कमरे में ही रहने दिया। इसके बाद वह घर के बाहर से ताला लगाकर मौके से फरार हो गया।दूध देने घर पहुंची भतीजी, तब हो सकी घटना की जानकारी 

आरोपी नीरज घर में ही परचून की दुकान करता था। जबकि उसकी पत्नी भी ब्यूटी पार्लर व सिलाई का काम करती थी। उसके घर के मुख्य द्वार पर अक्सर ताला लगा रहता था और वह लोग घर के अंदर आने जाने के लिए परचून की दुकान में बने गेट का ही आने जाने में इस्तेमाल होता था।

आरोपी हर दिन दूध लेने के लिए जाता था। लेकिन शनिवार को वह दोपहर तक नहीं पहुंचा। जिसके बाद उसका छोटा भाई और भतीजी दूध लेकर घर पर आए थे। घर के बाहर ताला लगा था और दुकान भी बंद थी, जिसके बाद भाई को संदेह हुआ। उसने आसपास के लोगों से बातचीत की और घर के अंदर झांककर देखा। जिसके बाद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना के बाद इलाका पुलिस व फारेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटना के साक्ष्य जुटाए। महिला के सिर पर भी चोंट के निशान थे, जबकि गले को धारदार हथियार से काटा गया था। फारेंसिक टीम की कार्रवाई के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

आरोपी फरार, पुलिस तलाश में जुटी

घटना के बाद से आरोपी पति मौके से फरार है और उसका फोन भी बंद आ रहा है। वहीं पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। सीओ बरला सर्जना सिंह ने बताया कि दोनों पति- पत्नी के बीच आपसी विवाद था और आए दिन विवाद रहता था। प्रथम दृष्टया आपसी विवाद ही हत्या के कारण के तौर पर उभकर कर सामने आ रहा है। आरोपी की तलाश की जा रही है, आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या का सही कारण पता चल सकेगा।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!