रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

गभाना में बदमाश चालक के साथ मारपीट कर लूट ले गए कार

- हरियाणा से दनकौर के लिए कार को भाड़े पर लाए थे पांच बदमाश

गभाना। क्षेत्र में हाईवे पचपेड़ा मोड़ के पास बदमाश चालक के साथ मारपीट कर उसे फेंक गए और कार को लूटकर फरार हो गए। बदमाश हरियाणा के बल्लभगढ़ से 1200 रुपये में भाड़े पर लेकर आए थे। जिसके बाद बदमाश चालक को बंधक बनाकर गभाना क्षेत्र में फेंककर कार को लूट ले गए। कार स्वामी की तहरीर पर पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।

गौतमबुद्ध नगर के दनकौर के लिए भाड़े पर लाए थे बदमाश

थाना हाथरस जंक्शन के गांव हाजीपुरनिवासी मोहित कुमार वर्तमान में हरियाणा के बल्लभगढ़ की न्यू शिव कालोनी रहते हैं। उन्होंने थाने में दी तहरीर में बताया कि उन्होंने स्विफ्ट डिजाइर गाड़ी ऊबर कंपनी में लगा रखा है। जिसे हाथरस के थाना सहपऊ के गांव सुल्तानपुर निवासी अमित कुमार चलाता है। सोमवार रात्रि में करीब 12:30 बजे अमित कार को बल्लभगढ़ बस अड्डे पर लेकर गया। जहां से पांच युवकों ने 1200 रुपये के भाड़े पर कार को गौतमबुद्धनगर के दनकौर नहर के लिए आने के लिए तय किया। देर रात में दनकौर नहर पर पहुंचते ही बदमाशों ने गाड़ी रूकवा लिया और चालक को गाड़ी से नीचे खींच लिया। बदमाशों ने चालक के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर डाली और कंबल ऊपर डालकर गाड़ी में पिछली सीट पर डाल दिया। शोर मचाने पर बदमाशों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। मंगलवार की सुबह बदमाश उसे हाईवे पर पचपेड़ा मोड़ के पास बने यात्री शेड के पास फेंककर अलीगढ़ की ओर कार लेकर भाग गए।

राहगीरों से मदद लेकर दी पुलिस को सूचना

बदमाश चालक अमित को पचपेड़ा मोड़ पर फेंक गए और कार के अलावा उसके मोबाइल फोन व दस्तावेजों को भी लेकर फरार हो गए। पीड़ित ने घायल अवस्था में वहां से गुजर रहे राहगीरों से मदद मांगकर फोन के माध्यम से पुलिस को सूचना दे दी। लूट की सूचना पर पुलिस में खलबली मच गई। पुलिस ने बदमाशों को काफी तलाश किया, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चल सका। सीओ शुभेंदु सिंह ने बताया कि पुलिस ने बदमाशों को ट्रेस कर लिया है। कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया गया है। जिनसे पूछताछ की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लूट की घटना का खुलासा किया जाएगा।

error: Content is protected !!