परतापुर में नामजदों ने स्कूल में शिक्षक को मारपीट कर किया घायल
गभाना। क्षेत्र के गांव परतापुर में नामजदों ने स्कूल में शिक्षक के साथ मारपीट करते हुए घायल कर दिया। पीड़ित शिक्षक की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्षेत्र के गांव वीरपुरा निवासी प्रवीन शर्मा ने थाना में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह परतापुर में एक निजी स्कूल चलाते हैं। शुक्रवार को सुबह करीब 11:30 बजे वह स्टाफ के साथ स्कूल में बैठे हुए थे। तभी बच्चों ने आकर बताया कि दो युवक बच्चों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर रहे हैं।
जिस पर वह दौड़कर स्कूल के बाहर पहुंचे। जहां पर देखा कि गांव का भांजा अनुज अपने एक अन्य साथी के साथ बच्चों के साथ मारपीट कर रहा था। जिस पर उसने बच्चों के साथ मारपीट करने से रोका। इसी बीच आरोपियों ने किसी लोहे की वस्तु से उसके सिर में कई प्रहार करते हुए गंभीर रूप से घायल कर दिया। मारपीट में वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा।
बीच-बचाव में आए उसके साथी राम अवतार के साथ भी आरोपियों ने मारपीट कर डाली। जब तक उसे होश आया तब तक आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। इंस्पेक्टर सुधीर कुमार ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
विज्ञापन
