चंडौस के ताजपुर में ससुराल आए युवक के साथ की मारपीट, गला रेतकर किया घायल
चंडौस। थाना क्षेत्र के गांव ताजपुर में ससुराल आए युवक के साथ ससुराल वालों ने मारपीट कर डाली। आरोप है कि सास व साले ने धारदार हथियार से युवक का गला रेत दिया। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से हालत में सुधार होने पर डाक्टरों ने छुट्टी दे दी। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गौतमबुद्धनगर के थाना जार्चा के विसाहडा निवासी रॉकी पुत्र संत सिंह ने थाने में दी तहरीर में बताया कि वह शुक्रवार को गांव ताजपुर स्थित ससुराल में काफी समय से रह रही पत्नी को बुलाने के लिए आया हुआ था। आरोप है कि ससुराल वालों ने उससे 50 हजार रुपये लिए थे।
उसने अपने रुपयों को मांगा तो साले गोलू व सास सुमन उससे विवाद करने लगे। उक्त दोनों ने उसके साथ मारपीट करते हुए किसी धारदार हथियार से उसका गला रेत दिया। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वह जैसे-तैसे करके थाने पहुंचा और आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। इंस्पेक्टर चंडौस सीता राम सरोज ने बताया कि युवक को उपचार व डाॅक्टरी परीक्षण को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जहां पर हालत में सुधार होने पर अस्पातल से छुट्टी दे दी गई है। पीड़ित की तहरीर के आधार पर सास सुमन व साला गोलू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।