महिला सिपाही से दुष्कर्म करने के आराेपी दारोगा ने घर में घुसकर की मारपीट, रिपोर्ट दर्ज
इगलास। जनपद अमरोहा में तैनात कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला सिपाही ने पीलीभीत में तैनात दारोगा व उसके साथियों पर घर में घुसकर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। सिपाही ने पूर्व में दारोगा के खिलाफ दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
इगलास क्षेत्र के एक गांव निवासी एक महिला सिपाही की तैनाती जनपद अमरोहा में है। उसका कहना है कि बुलंदशहर के गांव खुशरुपुर थाना अहमदगढ़ निवासी वरिष्ठ उपनिरीक्षक ललित चौधरी हाल तैनाती जनपद पीलीभीत के खिलाफ दुष्कर्म, एससी/एसटी एक्ट सहित अन्य सुसंगत धाराओं में महिला थाना अमरोहा में विगत एक जनवरी को रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
तब से ही दारोगा समझौता करने का दबाव बना रहा है और जान से मारने की धमकी देता है। 23 फरवरी को वह अपने घर आई हुई थी। शाम चार बजे दारोगा तीन-चार अज्ञात लोगों के साथ उसके घर में घुस आया और समझौता करने का दबाव बनाते हुए पीटना शुरू कर दिया। आरोप है कि इस दौरान बेल्ट से गला घोंटने का प्रयास किया। चीख-पुकार पर परिजन व अन्य ग्रामीण मौके पर आ गए। जिन्हें देख आरोपी दारोगा व उसके साथी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। पीड़िता ने इस संबंध में एसएसपी से शिकायत की थी। इंस्पेक्टर सुरेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले में जांच की जा रही है।
15 वर्षीय किशोरी से होटल में तमंचा के बल पर किया दुष्कर्म, फोटो वीडियो बनाकर किया ब्लैकमेल