रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

कोरह रूस्तमपुर के पिता-पुत्र की हादसे में हुई मौत, परिवार में मचा कोहराम

- मडराक क्षेत्र में बुधवार रात्रि में हुआ सड़क हादसा

अलीगढ़। थाना गभाना क्षेत्र के गांव कौरह रूस्तमपुर के पिता-पुत्र की मडराक क्षेत्र में सड़क हादसे में मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। एक साथ पिता-पुत्र की मौत से गांव में कोहराम मच गया है।

कोरह रूस्तमपुर निवासी 50 वर्षीय राजेंद्र सिंह पुत्र केहरी सिंह किसान थे। वह बुधवार को 19 वर्षीय बेटा पुष्पेंद्र व भाई बिजेंद्र के साथ एक ही बाइक से इगलास क्षेत्र के मिल्क गांव स्थित बेटी की ससुराल में एक गमी में शामिल होने के लिए गए थे। जहां से तीनों गांव लौट रहे थे। तभी मडराक क्षेत्र में सिंघारपुर के पास पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद राहगीर मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना पर इलाका पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर डॉक्टरों ने पिता-पुत्र को मृत घोषित कर दिया। जबकि बिजेंद्र का उपचार जारी है। हादसे की खबर पाकर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। गुरुवार को पुलिस ने दोनों के शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। एक साथ पिता-पुत्र की मौत के बाद गांव में कोहराम मच गया। पुष्पेंद्र पांच भाई-बहनों में सबसे छोटा था और नोएडा की एक निजी कंपनी में नौकरी करता था।

error: Content is protected !!