गोरई क्षेत्र में हुई लूट का खुलासा, दो बदमाश दबोचे
इगलास। कोतवाली पुलिस ने गोरई चौकी क्षेत्र में एक माह पहले हुई लूट की घटना का दो बदमाशें को गिरफ्तार खुलासा किया है। एक बदमाश मथुरा जनपद का गैंगस्टर है। इनके कब्जे से लूट की बाइक, मोबाइल व रुपये बरामद किए हैं। दोनों को जेल भेजा गया है।
क्षेत्र के गांव सिकतरा निवासी भूपेंद्र सिंह 27 जुलाई की रात्रि दो बजे पत्नी ललिता को गोरई के निजी नर्सिंग होम पर दवा दिलाने लाया था। करीब तीन बजे वह पत्नी के साथ बाइक से घर जा रहा था। तभी रास्ते में गांव बास हर्जी के निकट बाइक सवार चार बदमाशों ने तमंचा दिखा कर मोबाइल, चार हजार रुपये, कुंडल व बाइक लूट ली थी। पीड़ित ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कराया था।
इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार की रात्रि करीब 2:45 बजे उन्होंने टैंटीगांव रोड, मथुरा बोर्डर के गांव कूबरा के निकट से मथुरा के थाना सुरीर के गांव ढोकला बांस निवासी नरेश पुत्र ऊदल सिंह व थाना नौहझील के गांव मकरंदगढ़ी निवासी सचिन पुत्र मुकेश को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से लूट की बाइक, मोबाइल, एक हजार रुपये के साथ ही घटना में प्रयुक्त बाइक, अवैध तमंचा व कारतूस बरामद किए हैं। दोनों बदमाशों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए जेल भेजा गया है।
उन्होंने बताया कि नरेश के विरुद्ध जनपद मथुरा में सात मामले पंजीकृत है। गैंगस्टर की भी कार्रवाई की जा चुकी है। लूट में शामिल इनके दो साथी मथुरा के थाना मांट के गांव नसीटी निवासी संजय उर्फ संजू व थाना सुरीर के गांव वीरवला निवासी सौरभ फरार हैं। इनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।