लोगों को देहदान व नेत्रदान के प्रति किया जागरूक
इगलास। कस्बा के लक्ष्मण देवदत्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर जागरूकता गोष्ठी हुई। जिसमें देह दान कर्त्तव्य संस्था के डा. एसके गौड़ ने लोगों से देहदान, नेत्रदान व रक्तदान करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा मरणोपरांत अधिकतर व्यक्तियों का एक ही प्रश्न होता है कि पार्थिव शरीर कब ले जाएंगे ? लेकिन संस्था मृत्यु पश्चात दानी की पहले ससम्मान आंखें दान कराकर व पार्थिव शरीर को मेडिकल कालेज पहुंचाने में सहयोगी बनती है। आंख दान की प्रक्रिया में मात्र 20-25 मिनट का समय लगता है। पार्थिव शरीर का मेडिकल कालेज पर विशेष सम्मान सहित पुण्य आत्मा की शांति हेतु प्रार्थना कर पढ़ाई हेतु सदुपयोग होता है। जिससे विद्यार्थियों को योग्य चिकित्सक बनने में सहायता मिलती है। अधीक्षक डा. स्कन्द राजा ने संस्था के मानवीय कार्यों को सराहते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने विभागीय सदस्यों का आह्वान कर सहयोगी बनने हेतु आग्रह किया। भारती सक्सेना ने बताया कि वह अपने पिता का संस्था के सहयोग से देह दान करा चुकी हैं। संचालन कर रहे डा. अशोक कुमार शर्मा ने नेत्र, देह व रक्तदान की प्रक्रिया को सरल भाषा में समझाया। इस दौरान कई लोगों ने प्रभावित होकर सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर डा. दुष्यंत कुमार सिंह, डा. गौरव चौधरी, अजय राणा, गिर प्रसाद, राकेश शर्मा आदि सहयोगी बने।