मंगलायतन विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में जीता सर्वश्रेष्ठ पोस्टर पुरस्कार
इगलास। मंगलायतन विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ एप्लाइड साइंस के विद्यार्थियों ने अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन “नेक्स्टजेन फॉरेंसिक 2025” में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सर्वश्रेष्ठ पोस्टर प्रस्तुति का खिताब हासिल किया। यह उपलब्धि विश्वविद्यालय के शोध-उन्मुख शैक्षणिक वातावरण का प्रमाण है।
सम्मेलन में पुरस्कार छात्रा निकिता कश्यप को प्रदान किया गया, जिन्होंने यह पोस्टर निकिता पवार, मोहम्मद मोक्कारम और करेस्पोंडिंग ऑथर श्रेष्ठ उपाध्याय के साथ मिलकर प्रस्तुत किया। उनकी प्रस्तुति को विषय की गहन समझ, शोध की गुणवत्ता और प्रभावशाली प्रस्तुति शैली के लिए सर्वोत्तम चयनित किया गया। यह सम्मेलन केआर मंगलम विश्वविद्यालय, सोहना में आयोजित किया गया था, जो नेशनल फॉरेंसिक साइंसेज यूनिवर्सिटी, गांधीनगर से संबद्ध है। प्रतिष्ठित संस्थानों के प्रतिभागियों के बीच यह प्रदर्शन विशेष सराहना का विषय रहा। विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित सम्मान समारोह में कुलपति प्रो. पीके दशोरा, कुलसचिव ब्रिगेडियर समरवीर सिंह, परीक्षा नियंत्रक प्रो. दिनेश शर्मा और विभागाध्यक्ष प्रो. मनीषा शर्मा ने विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया और उनके प्रयास की सराहना की। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि न केवल विभाग बल्कि पूरे विश्वविद्यालय के लिए गर्व का विषय है। इस सफलता से प्रेरित होकर भविष्य में और अधिक शोध एवं नवाचार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया गया।